Home / Chhattisgarh / धमतरी में पेट्रोल पंप में आगजनी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बच्ची की मौत से था आक्रोशित

धमतरी में पेट्रोल पंप में आगजनी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बच्ची की मौत से था आक्रोशित

ख़बर शेयर करें:

धमतरी, 08 अक्टूबर 2026। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा स्थित मातारानी पेट्रोल पंप में आगजनी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जीवन निषाद (47), निवासी वार्ड क्रमांक-1, मेघा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची के नाले में गिरकर बाढ़ के पानी में बहने से हुई मौत की घटना से नाराज आरोपी ने पेट्रोल पंप को आग लगाने की कोशिश की थी।

पेट्रोल नोजल में आग लगाने का किया प्रयास

घटना 1 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे की है। पुलिस के अनुसार आरोपी पेट्रोल पंप परिसर में पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए पेट्रोल नोजल में आग लगाने का प्रयास किया। इसमें असफल रहने के बाद उसने परिसर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों को माचिस से आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।

घटना की शिकायत पर मगरलोड थाने में अपराध क्रमांक 194/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

बच्ची की मौत से था आक्रोश

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 26 सितंबर को ग्राम मेघा में पेट्रोल पंप के सामने खुले नाले में एक छोटी बच्ची गिर गई थी। इसके बाद वह महानदी में आई बाढ़ के पानी में बह गई, जिससे उसकी मौत हो गई थी। आरोपी पेट्रोल पंप प्रबंधन को इस घटना के लिए जिम्मेदार मानता था। इसी बात को लेकर उसके मन में आक्रोश था और गुस्से में उसने पेट्रोल पंप परिसर में आगजनी की।

माचिस और कपड़े जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई माचिस और घटना के समय उसके द्वारा पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी घटना या दुर्घटना से आक्रोशित होकर कानून अपने हाथ में न लें। शिकायत या आपत्ति होने पर पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दें।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *