Home / Sports / पाकिस्तान छोड़ने वाले हैदर अली का वनडे में धमाका, 14 रन पर गिराए 6 विकेट, UAE को दिलाया फाइनल का टिकट

पाकिस्तान छोड़ने वाले हैदर अली का वनडे में धमाका, 14 रन पर गिराए 6 विकेट, UAE को दिलाया फाइनल का टिकट

नई दिल्ली,10 सितंबर: पाकिस्तान के घरेलू टूर्नामेंट कायदे-आजम ट्रॉफी से क्रिकेट के सफर की शुरुआत हुई. लेकिन, फिर हुआ वही जो पाकिस्तान के ज्यादातर क्रिकेटरों के साथ होता आया है. मौके मिलने कम हुए तो हैदर अली ने पाकिस्तान छोड़ने का फैसला कर लिया. साल 2022 में वो UAE चले गए और वहां से क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया. अब हैदर अली UAE क्रिकेट की ताकत बन गए हैं और ऐसा क्यों है ये उन्होंने अपने दम पर टीम को ACC Men’s Premier Cup के फाइनल में पहुंचाकर बता दिया है.

हैदर अली ने वनडे में की बेस्ट गेंदबाजी
32 साल के बाएं हाथ के स्पिनर हैदर अली ने बांगी में खेले ACC Men’s Premier Cup के दूसरे सेमीफाइनल में अपने वनडे करियर का बेस्ट प्रदर्शन किया. उन्होंने हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ इस मुकाबले में 14 रन पर 6 विकेट गिराए, जो कि उ लिस्ट ए क्रिकेट में उनका बेस्ट प्रदर्शन रहा. वनडे क्रिकेट में UAE के लिए हैदर अली का 10वां मैच था, जिसमें वो प्लेयर ऑफ द मैच बनकर छा गए.

हैदर अली का कहर, सिर्फ 70 रन पर सिमटा हॉन्ग कॉन्ग
हैदर अली की करिश्माई गेंदबाजी की बदौलत UAE ने पहले बैटिंग करने उतरी हॉन्ग कॉन्ग की टीम को सिर्फ 70 रन पर समेटकर रख दिया. हॉन्ग कॉन्ग के सिर्फ 3 बल्लेबाज ही दहाई के आंकड़े को छू सके और उनमें से भी कोई 20 रन की दहलीज नहीं पार कर सका. वहीं 8 बल्लेबाज जो सिंगल डिजीट पर आउट हुए उनमें से 3 तो खाता भी नहीं खोल पाए.

233 गेंद पहले ही वनडे मैच जीत गई UAE
अब जब UAE की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी तो उसे 71 रन का आसान लक्ष्य मिला. इस लक्ष्य को उसने 11.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया. इस तरह UAE ने हैदर अली की गेंदबाजी के दम पर दूसरे सेमीफाइनल को 233 गेंद बचे रहते ना सिर्फ 7 विकेट से जीता बल्कि टूर्नामेंट के फाइनल का टिकट भी कटाया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *