Home / Chhattisgarh / बेमेतरा की छात्रा कोमिका यादव का बड़ा कमाल, ‘कैंसर डिटेक्टर ब्रा’ प्रोजेक्ट का राष्ट्रीय स्तर पर चयन; 12 अक्टूबर से दिल्ली में होगी प्रतियोगिता

बेमेतरा की छात्रा कोमिका यादव का बड़ा कमाल, ‘कैंसर डिटेक्टर ब्रा’ प्रोजेक्ट का राष्ट्रीय स्तर पर चयन; 12 अक्टूबर से दिल्ली में होगी प्रतियोगिता

ख़बर शेयर करें:

बेमेतरा, 07 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले की छात्रा कोमिका यादव ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और नवाचार से जिले का नाम रोशन किया है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कंडरका, विकासखंड बेरला की विज्ञान संकाय की छात्रा कोमिका यादव द्वारा तैयार ‘कैंसर डिटेक्टर ब्रा’ प्रोजेक्ट का इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। छात्रा ने यह प्रोजेक्ट विद्यालय की जीवविज्ञान व्याख्याता एवं मार्गदर्शक शिक्षिका पुष्पा नायक के निर्देशन में तैयार किया है।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता में देशभर के विद्यार्थियों के नवाचार और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित किया जाता है। इसी प्रतियोगिता के तहत कोमिका यादव के प्रोजेक्ट का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया गया है। खास बात यह है कि बेमेतरा जिले से राष्ट्रीय स्तर की NLEPC प्रतियोगिता के लिए चयनित होने वाला यह एकमात्र सरकारी विद्यालय है।

राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया जाएगा। यहां देशभर से चयनित विद्यार्थियों के विज्ञान एवं नवाचार आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए जाएंगे।

कोमिका यादव ने महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए ‘कैंसर डिटेक्टर ब्रा’ प्रोजेक्ट तैयार किया है। इसका उद्देश्य स्तन कैंसर की प्रारंभिक पहचान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और तकनीकी माध्यम से संभावित असामान्यताओं की पहचान में सहायता करना है। ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा का यह नवाचार राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना जिले के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।

मार्गदर्शक शिक्षिका पुष्पा नायक ने छात्रा की वैज्ञानिक सोच और विषय के प्रति रुचि को पहचानते हुए उसे लगातार मार्गदर्शन दिया। उन्होंने प्रोजेक्ट की समस्या पहचान, वैज्ञानिक अवधारणाओं और मॉडल के विकास में छात्रा का सहयोग किया। शिक्षिका ने कहा कि विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और समाज की वास्तविक समस्या के समाधान के लिए कुछ नया करने की इच्छा ने इस प्रोजेक्ट को आकार दिया।

राष्ट्रीय स्तर पर प्रोजेक्ट का चयन छात्रा कोमिका यादव की मेहनत और लगन का परिणाम है। इस उपलब्धि से विद्यालय, ग्राम कंडरका, विकासखंड बेरला और पूरे बेमेतरा जिले में हर्ष का माहौल है। विद्यालय परिवार का कहना है कि सरकारी और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर ऐसे विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

छात्रा कोमिका यादव और मार्गदर्शक शिक्षिका पुष्पा नायक की इस उपलब्धि पर उप संचालक डीपीआई एवं राज्य नोडल अधिकारी हिमांशु भारती, सहायक संचालक एवं सहायक नोडल अधिकारी सतीश माहेश्वरी, जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल, डाइट प्राचार्य जेके घृतलहरे, सहायक संचालक एसपी कोशले, जिला सांख्यिकी अधिकारी राजकुमार वर्मा, एमआईसी खिरामन वर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी जय प्रकाश करमाकर, बीआरसी बेरला कमलेश निषाद, संस्था की प्राचार्य चेतना सिंह सहित सरपंच, शाला प्रबंधन समिति, पंचगण, ग्रामवासियों और शाला परिवार ने शुभकामनाएं दी हैं।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *