Home / National / वेदांता पावर की दूसरी तिमाही में बिजली बिक्री 26 प्रतिशत बढ़कर 559.3 करोड़ यूनिट

वेदांता पावर की दूसरी तिमाही में बिजली बिक्री 26 प्रतिशत बढ़कर 559.3 करोड़ यूनिट

ख़बर शेयर करें:

नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर (भाषा) वेदांता पावर लिमिटेड की चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में बिजली बिक्री 26 प्रतिशत बढ़कर 559.3 करोड़ यूनिट रही।

पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी ने 443.3 करोड़ यूनिट बिजली बेची थी।

कंपनी ने शनिवार को एक बयान में कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में उसकी बिजली बिक्री 32 प्रतिशत बढ़कर 1,081.7 करोड़ यूनिट हो गई। संयंत्रों के बेहतर प्रदर्शन और कंपनी के बिजली संयंत्रों में उपलब्धता बढ़ने से बिक्री में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई।

कंपनी ने कहा कि बिजली बिक्री में वृद्धि मुख्य रूप से मीनाक्षी एनर्जी में उत्पादन में तेज बढ़ोतरी और झारसुगुडा ताप विद्युत संयंत्र के प्रदर्शन में सुधार से हुई।

मीनाक्षी एनर्जी में दूसरी तिमाही में बिजली बिक्री सालाना आधार पर 111 प्रतिशत बढ़कर 147 करोड़ यूनिट हो गई। इससे चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में कुल बिक्री 160 प्रतिशत बढ़कर 282 करोड़ यूनिट हो गई।

कंपनी ने कहा कि यह प्रदर्शन 1,000 मेगावाट की विस्तारित क्षमता के संचालन को दर्शाता है, जिससे उसके कुल बिजली उत्पादन में संयंत्र का योगदान बढ़ा है।

झारसुगुडा ताप विद्युत संयंत्र के प्रदर्शन में सुधार से भी बिक्री को बढ़ावा मिला। सितंबर तिमाही में संयंत्र की बिजली बिक्री सालाना आधार पर 186 प्रतिशत बढ़कर 87.3 करोड़ यूनिट हो गई।

पहली छमाही में संयंत्र की बिजली बिक्री 59 प्रतिशत बढ़कर 155.9 करोड़ यूनिट रही। संयंत्र की उपलब्धता में भी तेज सुधार हुआ और तिमाही में इसका संयंत्र उपलब्धता कारक (पीएएफ) बढ़कर 98 प्रतिशत हो गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 43 प्रतिशत था। इससे उत्पादन और बिक्री बढ़ाने में मदद मिली।

कंपनी ने कहा कि इन वृद्धि कारकों के साथ तलवंडी साबो ताप विद्युत संयंत्र उसके बिजली संयंत्रों के लिए लगातार मजबूत संचालन आधार बना हुआ है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *