Home / Chhattisgarh / सिंगरौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार लीटर अवैध डीजल पकड़ा गया, 55 लाख के मशरूका संग चालक गिरफ्तार

सिंगरौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार लीटर अवैध डीजल पकड़ा गया, 55 लाख के मशरूका संग चालक गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें:

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के ऊर्जाधानी सिंगरौली जिले में सक्रिय डीजल माफिया के संगठित सिंडिकेट पर पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा प्रहार किया है। बैढ़न थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौगढ़ कन्वेयर चौराहा के पास जबर्दस्त घेराबंदी की और एक संदिग्ध टैंकर क्रमांक CG10BS7184 को धर दबोचा।

जांच के दौरान टैंकर के अंदर से लगभग 20,000 लीटर अवैध डीजल बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 लाख के डीजल और टैंकर समेत कुल 55 लाख रुपये का मशरूका मौके से जब्त कर लिया। पुलिस ने मोरवा निवासी चालक कमल यादव को हिरासत में लिया, जो मौके पर डीजल के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या बिल पेश नहीं कर सका।

आरोपी चालक ने खुलासा किया कि यह अवैध डीजल ‘राधे फीलिंग स्टेशन गोंदवाली’ से पंप मैनेजर की सांठगांठ और मिलीभगत से भरा गया था, जिसे सासन पावर कोल माइंस की तरफ खपाने के लिए ले जाया जा रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बैढ़न थाना पुलिस ने आरोपी चालक सहित अन्य सहयोगियों के खिलाफ धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क में शामिल टैंकर मालिक और पेट्रोल पंप मैनेजर की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है, और जल्द ही इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य बड़े चेहरों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *