जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिल समेत कुल पांच बाइक बरामद की हैं। बरामद वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 5 हजार रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, खपराडीह निवासी कासम मोहम्मद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी हीरो स्प्लेण्डर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 AK 4094 को 26 जुलाई 2026 को शिवरीनारायण चौपाटी से अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया था। इस मामले में थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 234/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच की जा रही थी। इसी तरह तुस्मा निवासी राकेश कुमार साहू ने अपनी हीरो स्प्लेण्डर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BL 7239 को 6 जून 2025 को गुलजारी लाल सीताराम शर्मा कपड़ा दुकान की पार्किंग से चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 216/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक युलैण्डन यार्क तथा एसडीओपी शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस ने 3 अक्टूबर की शाम पुल चौक काली मंदिर के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान बिना नंबर की दो स्प्लेण्डर मोटरसाइकिलों पर सवार संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। एक बाइक दीपक चंद्रा चला रहा था, जबकि दूसरी बाइक कान्ता पटेल चला रहा था और सुनील चंद्रा उसके पीछे बैठा था। दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने दोनों मोटरसाइकिलों को शिवरीनारायण क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दो हीरो स्प्लेण्डर प्लस बाइक, घटना में प्रयुक्त पैशन प्लस बाइक तथा बिना नंबर की बजाज पल्सर 150 और एचएफ डिलक्स बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक चंद्रा (23), कान्ता पटेल (20) और सुनील चंद्रा (24), सभी निवासी डोमा, चौकी छपोरा, थाना मालखरौदा, जिला सक्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद वाहनों को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक केपी सिंह, सहायक उप निरीक्षक संतोष बंजारे, प्रधान आरक्षक नफीस हुसैन तथा आरक्षक पतिराम यादव, टुकेश्वर डडसेना, रामकुमार कश्यप, मुकेश साहू, राजेश कश्यप और यशवंत पाटले सहित शिवरीनारायण थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






