Home / Chhattisgarh / BREAKING:कोरबा में फार्म हाउस में चोरी: 6 जर्मन शेफर्ड पप्पी समेत लाखों का सामान पार

BREAKING:कोरबा में फार्म हाउस में चोरी: 6 जर्मन शेफर्ड पप्पी समेत लाखों का सामान पार

कोरबा,10 सितम्बर 2026। रजगामार चौकी क्षेत्र के ठाकुर रवेला स्थित एक फार्म हाउस में बुधवार रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर CCTV कैमरा, टीवी और फ्रिज समेत जर्मन शेफर्ड नस्ल के 6 डॉग पप्पी भी चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह फार्म हाउस संचालक को मिली।

रानी रोड, कोरबा निवासी 25 वर्षीय अक्षत शर्मा का ठाकुर रवेला में फार्म हाउस है। बुधवार दिन-रात के दौरान फार्म हाउस में कोई मौजूद नहीं था। गुरुवार सुबह ग्रामीण रवि कुमार राठिया ने अक्षत को फार्म हाउस में चोरी होने की सूचना दी। इसके बाद अक्षत मौके पर पहुंचे। फार्म हाउस का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।

जांच करने पर पता चला कि चोर 6 डॉग पप्पी, CCTV कैमरा, टीवी, फ्रिज, स्माई मशीन, कंबल, लकड़ी काटने के 3 औजार, पलंग, खाना बनाने के बर्तन समेत कई अन्य सामान ले गए हैं। इसके अलावा करीब 2.5 किलोमीटर लंबी केबल वायर सहित कई छोटे-बड़े कीमती सामान भी चोरी हुए हैं।

अक्षत शर्मा के मुताबिक, इससे पहले भी उनके फार्म हाउस से जर्मन शेफर्ड के पप्पी चोरी हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि वह कोरबा में रहते हैं और रोजाना फार्म हाउस आते-जाते हैं। फार्म हाउस में ऑफिस और एक कमरे में सामान रखा हुआ था। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर सामान खंगाला और बड़ी मात्रा में सामान लेकर फरार हो गए।

पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत रजगामार-ओमपुर चौकी में दर्ज कराई है। शिकायत के साथ चोरी हुए सामान की सूची भी पुलिस को दी गई है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस चोरों की पहचान और चोरी गए सामान तथा 6 डॉग पप्पी की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *