Home / Chhattisgarh / KORBA BREAKING:नए मकान को लेकर विवाद, पति ने सीमेंट के डंबल से पत्नी का सिर कुचला

KORBA BREAKING:नए मकान को लेकर विवाद, पति ने सीमेंट के डंबल से पत्नी का सिर कुचला

कोरबा,10 सितम्बर 2026। पाली थाना क्षेत्र के शांति बस्ती में बुधवार तड़के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के सिर पर सीमेंट के डंबल से हमला कर उसकी हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नया मकान बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी पति ने गुस्से में आकर पत्नी के सिर पर डंबल से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, शांति बस्ती के वार्ड नंबर-9 में रमेश डोंगरे (40) अपनी पत्नी बंधन कुंवर (39) के साथ रहता था। दोनों की यह दूसरी शादी थी। शादी के बाद रमेश पत्नी के घर में रह रहा था। वह नया मकान बनाकर उसमें रहने की बात कह रहा था, जबकि पत्नी इसका विरोध कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

बुधवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच विवाद के दौरान रमेश ने सीमेंट से बने डंबल से बंधन कुंवर के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी आसपास के लोगों ने पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पाली पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की।

पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रमेश ने पहली पत्नी को छोड़ने के बाद बंधन कुंवर से दूसरी शादी की थी। बंधन कुंवर की भी यह दूसरी शादी थी। दोनों घर में अकेले रहते थे और उनकी कोई संतान नहीं थी।

पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक के अनुसार, आरोपी रमेश डोंगरे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। न्यायिक रिमांड पर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

एएसपी कोरबा नीतिश ठाकुर ने बताया कि घर बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी पति ने सीमेंट के डंबल से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *