Home / Chhattisgarh / गांधी जयंती पर धूमा में हुआ प्रथम बालिका शौचालय का उद्घाटन, प्रदेश के 6,671 स्कूलों में निर्माण का लक्ष्य

गांधी जयंती पर धूमा में हुआ प्रथम बालिका शौचालय का उद्घाटन, प्रदेश के 6,671 स्कूलों में निर्माण का लक्ष्य

ख़बर शेयर करें:

धमतरी, 2 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर स्वच्छता, स्वास्थ्य और बेटियों के सम्मान का संदेश देते हुए धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड की ग्राम पंचायत धूमा में ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के तहत प्रथम बालिका शौचालय का उद्घाटन किया गया। विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत निर्मित इस शौचालय को ग्रामीण क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में छात्राओं के लिए बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

गांधी जयंती पर आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में नव-निर्मित बालिका शौचालय को गुलाबी रंग से सजाया गया था। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने हाथों में स्वच्छता, सुरक्षा और बेटियों के सम्मान से संबंधित संदेश वाली तख्तियां लेकर जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, बच्चों और स्थानीय लोगों की सहभागिता रही। बालिका शौचालय के निर्माण से विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को स्वच्छ और सुरक्षित सुविधा उपलब्ध होने के साथ उनके स्वास्थ्य एवं गरिमा से जुड़ी जरूरतों को भी पूरा करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 6 अगस्त 2026 को वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत राज्यव्यापी ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान का शुभारंभ किया था। यह अभियान 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है। इसके तहत छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित 6,671 शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालयों का निर्माण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए लगभग 286.85 करोड़ रुपए की राशि प्रस्तावित है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में अध्ययनरत बालिकाओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक शौचालय उपलब्ध कराना है, ताकि स्वच्छता के साथ उनके स्वास्थ्य और सम्मान के अनुरूप विद्यालयीन वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

धूमा में निर्मित बालिका शौचालय का निर्माण कार्य शुरू होने से लेकर इसके उद्घाटन तक प्रशासनिक स्तर पर निगरानी भी की गई। विकसित भारत-जी राम जी के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने कुरूद विकासखंड के भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत धूमा पहुंचकर निर्माणाधीन बालिका शौचालय का मैदानी निरीक्षण किया था। उन्होंने निर्माण की प्रगति का जायजा लेने के साथ कार्य में लगे श्रमिकों से मजदूरी भुगतान की जानकारी भी ली थी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए थे।

करीब एक माह बाद गांधी जयंती के अवसर पर इसी बालिका शौचालय का उद्घाटन किया गया। इससे ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के उद्देश्यों को जमीनी स्तर पर लागू करने की दिशा में प्रशासन की पहल सामने आई है। शासन का लक्ष्य 26 जनवरी 2027 तक राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों के शासकीय विद्यालयों में बालिकाओं के लिए आवश्यक शौचालय सुविधा सुनिश्चित करना है। अभियान के माध्यम से स्कूलों में स्वच्छता सुविधाओं के विस्तार के साथ बालिकाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *