Home / Chhattisgarh / रायपुर में अतिक्रमण और नो-पार्किंग पर यातायात पुलिस की सख्ती, 17 कारों के ई-चालान और 6 बाइक जब्त

रायपुर में अतिक्रमण और नो-पार्किंग पर यातायात पुलिस की सख्ती, 17 कारों के ई-चालान और 6 बाइक जब्त

रायपुर, 09 सितम्बर 2026। राजधानी रायपुर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट की ओर से अतिक्रमण और नो-पार्किंग के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश तथा पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. अर्चना झा के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस और नगर निगम की टीम प्रहरी द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाया गया।

इसी क्रम में मालवीय रोड में लगातार तीसरे दिन कार्रवाई की गई। एसीपी ट्रैफिक कमलजीत पाटले के नेतृत्व में यातायात थाना कालीबाड़ी प्रभारी एवं स्टाफ तथा अतिक्रमण कार्रवाई के लिए गठित टीम ने सड़क पर यातायात में बाधक बन रहे अतिक्रमण को हटाया। दुकानों के बाहर सड़क की ओर सामान निकालकर कारोबार करने वाले व्यापारियों को समझाइश देकर सामान दुकानों के अंदर कराया गया। सड़क पर अतिक्रमण कर कारोबार करने वाले ठेले भी हटाए गए। वहीं नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े तीन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रत्येक वाहन पर 300 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत एसीपी ट्रैफिक रमेश येरेवार के नेतृत्व में गठित टीम और नगर निगम की टीम प्रहरी ने राजबंधा मैदान, मेडिकल कॉम्प्लेक्स और प्रेस कॉम्प्लेक्स के आसपास भी कार्रवाई की। इस दौरान नो-पार्किंग क्षेत्र में अव्यवस्थित तरीके से खड़े तथा यातायात में बाधक वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सड़क पर अवैध रूप से संचालित दुकानों और अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वालों पर भी नियमानुसार जुर्माना लगाया गया। अभियान के दौरान 17 कार चालकों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई, जबकि 6 मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया।

थाना शारदा चौक क्षेत्र के हांडीपारा में भी यातायात में बाधक बने लावारिस और कंडम वाहनों को हटाने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद सड़क को व्यवस्थित कर यातायात आवागमन सुचारू कराया गया।

यातायात पुलिस ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और यातायात में बाधक वाहनों के खिलाफ अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने, निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *