0.लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, अपराध नियंत्रण और संवेदनशील पुलिसिंग पर दिया जोर
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 अगस्त। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में जिले के पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की समीक्षा की। उन्होंने जिले में अपराधों की रोकथाम, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण तथा आमजन को बेहतर और संवेदनशील पुलिसिंग उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आईजी गर्ग ने विभिन्न पुलिस पोर्टल एवं ऑनलाइन सिस्टम में की जाने वाली प्रविष्टियों को समयबद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना स्तर के अभिलेखों और ऑनलाइन रिकॉर्ड में समानता बनाए रखने तथा विभागीय कार्यों में तकनीकी प्रणालियों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने थाना क्षेत्रों में सतत निगरानी, संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी पुलिस उपस्थिति और प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
एसपी ने दिए तत्काल अनुपालन के निर्देश
आईजी के निर्देशों के परिपालन में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का तत्काल प्रभाव से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने, पुलिस रिकॉर्ड एवं विभिन्न पोर्टलों की प्रविष्टियों को दुरुस्त रखने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र कुमार पटेल, एसडीओपी बिलाईगढ़ दीपिका मिंज, एसडीओपी सारंगढ़ गोविंद दीवान, पुलिस अधीक्षक मुख्यालय संतोषी ग्रेस सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा आमजन को प्रभावी एवं संवेदनशील पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की।







