Home / Chhattisgarh / KORBA : गणेश विसर्जन को लेकर नगर निगम की तैयारी तेज, आयुक्त आशुतोष पांडेय ने सर्वमंगला घाट का किया निरीक्षण

KORBA : गणेश विसर्जन को लेकर नगर निगम की तैयारी तेज, आयुक्त आशुतोष पांडेय ने सर्वमंगला घाट का किया निरीक्षण

कोरबा, 23 सितंबर 2026। गणेश उत्सव के मद्देनजर गणेश प्रतिमाओं के सुरक्षित एवं व्यवस्थित विसर्जन की तैयारियों को लेकर नगर पालिक निगम कोरबा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने अधिकारियों के साथ सर्वमंगला मंदिर परिसर स्थित नदी घाट के पास बनाए जा रहे गणेश विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने विसर्जन घाट परिसर के आसपास के विभिन्न स्थानों का जायजा लिया। उन्होंने गणेश प्रतिमाओं को लेकर विसर्जन स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग, घाट परिसर की साफ-सफाई, आवश्यक सुविधाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आयुक्त ने विसर्जन स्थल तक आने-जाने वाले रास्तों को व्यवस्थित रखने तथा घाट परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विसर्जन स्थल से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। गणेश विसर्जन के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर भी आवश्यक समन्वय पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पटले, जोन कमिश्नर सुनील टांडे, जोन कमिश्नर रुचि साहू, राहुल मिश्रा सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *