रायपुर, 22 सितम्बर 2026 । शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से आयोजित रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन 2026 को नागरिकों और विशेषकर युवाओं का व्यापक प्रतिसाद मिला है। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की पहल पर द इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) रायपुर के सहयोग से आयोजित इस हैकाथॉन में 17 सितंबर तक कुल 457 सुझाव और प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें करीब 350 यूनिक प्रतिभागियों ने भागीदारी की है।
पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान में युवाओं और छात्रों ने सबसे अधिक रुचि दिखाई। कुल प्रतिभागियों में 61 प्रतिशत छात्र हैं, जबकि 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने यातायात सुधार से जुड़े सबसे ज्यादा नवाचार प्रस्तुत किए। हैकाथॉन के अंतिम तीन दिनों यानी 15 से 17 सितंबर के दौरान ही 248 सुझाव प्राप्त हुए, जो कुल प्रस्तावों का करीब 54 प्रतिशत है।
हैकाथॉन में शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़े छह प्रमुख क्षेत्रों पर सुझाव आमंत्रित किए गए थे। इनमें ट्रैफिक सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस/इंटरनेट ऑफ थिंग्स (AI/IoT) से संबंधित प्रस्तावों की संख्या सबसे अधिक रही। प्राप्त 457 प्रस्तावों में से 293 प्रस्तावों के साथ विस्तृत योजनाएं और आवश्यक अटैचमेंट भी प्रस्तुत किए गए हैं।

प्रस्तावों की विशेषज्ञों द्वारा चरणबद्ध तरीके से स्क्रीनिंग और समीक्षा की जा रही है। प्रथम चरण में अब तक 457 में से 433 प्रस्तावों की समीक्षा पूरी की जा चुकी है। इनमें से 222 प्रस्ताव सफल पाए गए हैं, जिन्हें आगे विशेषज्ञ समिति की समीक्षा के लिए भेजा गया है। इनमें 21 प्रस्तावों को उपयुक्त अथवा अति उत्तम श्रेणी का पाया गया है। वहीं 211 प्रस्ताव निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने के कारण अस्वीकृत किए गए हैं। शेष 24 प्रस्तावों की प्रथम चरण की स्क्रीनिंग अभी जारी है, जिनमें विशेष रूप से ट्रैफिक इंजीनियरिंग और नॉन-मोटराइज्ड ट्रांसपोर्ट से जुड़े सुझाव शामिल हैं।
दूसरे चरण की विशेषज्ञ समीक्षा में अब तक 11 प्रस्तावों के परिणाम दर्ज किए गए हैं। इनमें AI/IoT थीम के तहत व्यस्त मार्गों पर जाम नियंत्रण से संबंधित एक व्यावहारिक नवाचार को मंजूरी दी गई है। इस प्रस्ताव को प्रस्तुतीकरण के लिए आमंत्रित करने की अनुशंसा की गई है। विशेषज्ञ समिति के समक्ष भेजे गए अन्य प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा अभी जारी है।
स्क्रीनिंग के दौरान ऐसे प्रस्तावों को आगे नहीं बढ़ाया गया है, जिनमें केवल सामान्य विचार दिए गए थे, ठोस कार्ययोजना का अभाव था या केवल दूसरे शहरों के उदाहरणों का उल्लेख किया गया था। विशेषज्ञ समिति वर्तमान में उन सुझावों को प्राथमिकता दे रही है, जिन्हें रायपुर शहर के प्रमुख चौराहों, सड़कों और स्थानीय यातायात परिस्थितियों के अनुरूप व्यावहारिक रूप से लागू किया जा सके। अन्य प्राप्त सुझावों को भी भविष्य में प्रभावी तरीके से लागू करने की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विचारण में रखा गया है।
यातायात पुलिस के अनुसार आगामी दिनों में ट्रैफिक इंजीनियरिंग, सेफ्टी और पब्लिक ट्रांसपोर्ट सहित अन्य लंबित प्रस्तावों की विशेषज्ञ समीक्षा पूरी की जाएगी। इसके बाद 27 सितंबर 2026 को NIT रायपुर में चयनित उत्कृष्ट प्रस्तावों का प्रस्तुतिकरण कराया जाएगा। प्रत्येक थीम में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के साथ-साथ ओवरऑल बेस्ट विजेता का चयन किया जाएगा। विजेताओं को पृथक समारोह आयोजित कर आकर्षक पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन 2026 के माध्यम से यातायात पुलिस को उम्मीद है कि शहर की वास्तविक यातायात समस्याओं के समाधान के लिए युवाओं, छात्रों, तकनीकी विशेषज्ञों और नागरिकों के नवाचारों का उपयोग किया जा सकेगा। प्राप्त 457 सुझावों ने यह भी दिखाया है कि रायपुर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नागरिक स्तर पर तकनीक और नवाचार आधारित समाधानों में व्यापक रुचि है।







