Home / Chhattisgarh / साइबर ठगी के नए तरीकों को पर्दे पर दिखाएगी रायगढ़ पुलिस, तैयार हो रही शॉर्ट फिल्म

साइबर ठगी के नए तरीकों को पर्दे पर दिखाएगी रायगढ़ पुलिस, तैयार हो रही शॉर्ट फिल्म

  • म्यूल अकाउंट और APK के जरिए होने वाली ठगी से बचाव का देगी संदेश, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी भी निभा रहे किरदार

रायगढ़, 22 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस ने साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए अभिनव पहल शुरू की है। पुलिस द्वारा साइबर ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म तैयार की जा रही है। फिल्म का उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।

इस शॉर्ट फिल्म में साइबर अपराधियों द्वारा म्यूल अकाउंट, APK फाइल सहित अन्य माध्यमों का इस्तेमाल कर लोगों को ठगी का शिकार बनाने के तरीकों को कहानी के माध्यम से दर्शाया जा रहा है। फिल्म के जरिए लोगों को साइबर ठगी के तरीके समझाने के साथ ही ऐसे मामलों से बचने के लिए सतर्क रहने का संदेश दिया जाएगा।

फिल्म की शूटिंग रायगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर की जा रही है। इसमें रायगढ़ पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी भी अभिनय कर रहे हैं। वहीं रायपुर से कलाकारों और टेक्निशियन की टीम भी फिल्म निर्माण में सहयोग के लिए रायगढ़ पहुंची है। फिल्म का निर्देशन ऋभू समर्थ सिंह कर रहे हैं। पुलिस कंट्रोल रूम में भी फिल्म के महत्वपूर्ण दृश्यों की शूटिंग की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि साइबर जागृति अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। रायगढ़ पुलिस द्वारा प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग कांसेप्ट के माध्यम से आमजन तक पहुंचकर साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस द्वारा तैयार की जा रही यह शॉर्ट फिल्म लघु फिल्म प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं है। इसका उद्देश्य केवल साइबर अपराधों के नए तरीकों को सरल और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाना तथा उन्हें सतर्क करना है।

‘संकल्प : साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ थीम पर लघु फिल्म प्रतियोगिता

साइबर जागृति अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा अलग से ‘संकल्प : साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ थीम पर लघु फिल्म प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में दो कैटेगरी रखी गई हैं। प्रतिभागी साइबर अपराधों से संबंधित विषयों पर अधिकतम 3 मिनट का वीडियो अथवा 6 मिनट तक की लघु फिल्म तैयार कर सकते हैं।

प्रतिभागियों को अपनी फिल्म या वीडियो Google Drive अथवा किसी अन्य विश्वसनीय फाइल होस्टिंग प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर उसका लिंक contact@filmotsav.org पर साझा करना होगा। दोनों कैटेगरी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए कुल 3 लाख 75 हजार रुपए तक के पुरस्कार रखे गए हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 24 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8817420420 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *