Home / Chhattisgarh / बालोद में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार DRD बस पलटने से युवक की मौत, 20 से अधिक यात्री घायल

बालोद में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार DRD बस पलटने से युवक की मौत, 20 से अधिक यात्री घायल

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के करहीभदर गांव के पास बालोद से धमतरी की ओर जा रही DRD कंपनी की यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, DRD कंपनी की यात्री बस बालोद से धमतरी की ओर जा रही थी। करहीभदर गांव के पास पहुंचने के दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार काफी तेज थी। हादसा इतना भीषण था कि बस के नीचे एक युवक दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। हादसे की सूचना मिलते ही बालोद कोतवाली पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

बस के नीचे फंसे मृतक के शव को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाया गया, जिसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हादसे में घायल 20 से अधिक यात्रियों को तत्काल 108 संजीवनी एक्सप्रेस और अन्य माध्यमों से बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रहकर हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। हादसे के चलते सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने के बाद बहाल कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *