Home / Entertainment / सोनी सब के शो ‘यादें’ में आएगा नया मोड़, गाँव की जिंदगी में शुरू होगी जिया और मल्हार की कहानी

सोनी सब के शो ‘यादें’ में आएगा नया मोड़, गाँव की जिंदगी में शुरू होगी जिया और मल्हार की कहानी

मुंबई। सोनी सब का लोकप्रिय शो ‘यादें’ अब अपनी कहानी को गाँव की पृष्ठभूमि में आगे बढ़ाने जा रहा है। हास्य, भावनाओं, पारिवारिक रिश्तों और मेडिकल केस पर आधारित इस शो में अब नए किरदारों की एंट्री होने वाली है। सहज राजपूत जिया और सचिन कवेथम मल्हार पाटिल के किरदार में नजर आएंगे।

शो की कहानी में डॉ. देव मेहता (इक़बाल खान) को छह महीने की सामुदायिक सेवा के लिए किलारी गाँव भेजा जाता है। उनके लिए गाँव की जिंदगी और वहां का माहौल शहर से बिल्कुल अलग है। इस नए परिवेश के साथ तालमेल बैठाने के दौरान उनके बच्चे भी उनके साथ रहने का फैसला करते हैं। ऐसे में परिवार की जिंदगी में कई नए अनुभव और रिश्तों के नए समीकरण देखने को मिलेंगे।

किलारी गाँव में जिया के रूप में सहज राजपूत की एंट्री कहानी को नया मोड़ देगी। जिया एक प्यारी और देखभाल करने वाली लड़की है, जो डॉ. देव और उनके परिवार की नई दुनिया का हिस्सा बनती है। वहीं सचिन कवेथम मल्हार पाटिल की भूमिका में नजर आएंगे। मल्हार किलारी का आकर्षक, बेफिक्र और करिश्माई युवक है। जिया को देखते ही मल्हार उसकी ओर आकर्षित हो जाता है और दोनों के बीच एक नया रिश्ता आकार लेने लगता है।

जिया का किरदार निभाने को लेकर सहज राजपूत ने कहा कि वह इस भूमिका को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि जिया के किरदार को निभाते हुए उन्हें उसके व्यक्तित्व के कई नए पहलुओं को जानने का मौका मिल रहा है और वह दर्शकों को जिया का यह नया रूप दिखाने के लिए उत्सुक हैं।

वहीं मल्हार की भूमिका को लेकर सचिन कवेथम ने कहा कि ‘यादें’ का हिस्सा बनना और मल्हार के रूप में नई यात्रा शुरू करना उनके लिए बेहद रोमांचक है। उन्होंने मल्हार को आकर्षक, बेफिक्र और मासूम किरदार बताया। सचिन ने इक़बाल खान और गुलकी जोशी के साथ काम करने को लेकर भी उत्साह जताया।

अब किलारी गाँव में जिया और मल्हार की मुलाकात के बाद दोनों की कहानी किस दिशा में आगे बढ़ती है और उनके रिश्ते में क्या नए मोड़ आते हैं, यह शो में देखने को मिलेगा। ‘यादें’ का प्रसारण सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *