Home / Chhattisgarh / बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल स्मृति समारोह का शुभारंभ, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और शहीद परिवारों का हुआ सम्मान

बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल स्मृति समारोह का शुभारंभ, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और शहीद परिवारों का हुआ सम्मान

जांजगीर-चांपा, 18 सितंबर 2026। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं संविधान सभा के पूर्णकालिक सदस्य बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल की पुण्य स्मृति में आयोजित दो दिवसीय स्मृति समारोह का शुक्रवार को जांजगीर में शुभारंभ हुआ। सी-मार्ट परिसर कचहरी चौक जांजगीर में आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, नागरिकों और बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल के परिवारजनों ने उनकी प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की। समारोह का आयोजन सी-मार्ट परिसर जांजगीर एवं कृषि विज्ञान केंद्र जर्वे (च) में किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विधायक जांजगीर-चांपा ब्यास कश्यप, विधायक अकलतरा राघवेंद्र कुमार सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल के सुपुत्र विजय प्रताप सिंह, सुपुत्री रत्नावली सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, उपाध्यक्ष मोहन यादव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेश अग्रवाल एवं भगवान दास गढ़ेवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम सहित अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों, शहीद परिवारों और बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल के परिजनों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, किसानों और नागरिकों का भी सम्मान किया गया। स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर समारोह को विशेष बनाया।

विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल की स्मृति में हर वर्ष आयोजित होने वाला यह समारोह क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान देने वाले महापुरुषों को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल के स्वतंत्रता संग्राम और समाज के लिए किए गए योगदान का स्मरण किया।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी महापुरुषों के त्याग, संघर्ष और समर्पण का परिणाम थी। जांजगीर-चांपा क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों की स्मृति को जीवित रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर उनकी प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इन स्मारकों और स्मृति आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम, संविधान निर्माण और क्षेत्र के महापुरुषों के योगदान से परिचित कराया जा सकता है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं शहीद परिवारों के योगदान को नमन किया।

विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल जैसे महान व्यक्तित्व को स्मरण करना और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि ठाकुर छेदीलाल केवल स्वतंत्रता आंदोलन के सेनानी ही नहीं, बल्कि विचारशील नेता भी थे। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान समाज में जागरूकता लाने, लोगों को संगठित करने और समानता की भावना के साथ सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का कार्य किया।

उन्होंने कहा कि संविधान सभा का सदस्य होना उस दौर में ऐतिहासिक जिम्मेदारी थी। देश के भविष्य और लोकतंत्र की नींव तय करने वाली संविधान सभा में जांजगीर-चांपा क्षेत्र की आवाज के रूप में बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल की भूमिका क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उनके विचारों में स्वतंत्रता, समानता, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी की भावना दिखाई देती है। उन्होंने नई पीढ़ी से उनके संघर्ष और योगदान को जानने तथा उनके विचारों को समाज में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान आजादी की अलख जगाने के साथ लोगों को एकजुट कर जनजागृति का कार्य किया। स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान के साथ संविधान सभा के सदस्य के रूप में निभाई गई उनकी भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। उन्होंने कहा कि ठाकुर छेदीलाल सभी वर्गों के अधिकारों और हितों के लिए संघर्ष करने वाले न्यायप्रिय एवं जनहित के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे।

उन्होंने कहा कि महापुरुष अपने विचारों, आदर्शों और कर्मों के माध्यम से हमेशा समाज के बीच जीवित रहते हैं। स्वतंत्रता संग्राम में जिले के जिन वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उनका स्मरण करना समाज का दायित्व है। महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाएं केवल स्मारक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और इतिहास से जोड़ने का माध्यम हैं।

बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल स्मृति समारोह के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम, संविधान निर्माण और सामाजिक जागरूकता में उनके योगदान को याद किया गया। दो दिवसीय आयोजन के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के साथ प्रतिभाओं और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं शहीद परिवारों का सम्मान किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *