सिंगरौली,18 सितंबर। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में जयंत चौकी क्षेत्र के व्यस्त जयंत मार्केट स्थित कंचन ज्वेलर्स में शुक्रवार को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। दो बाइकों पर सवार छह नकाबपोश बदमाश दुकान पहुंचे, जिनमें चार अंदर दाखिल हुए, जबकि दो बाहर पहरा देते रहे। बदमाश करीब 500 ग्राम सोने के आभूषण और ढाई लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान में प्रवेश करने से पहले बदमाशों ने रास्ते में ताबड़तोड़ फायरिंग की। दुकान के अंदर पहुंचने के बाद विरोध करने पर संचालक कमलेश सोनी के सिर पर बंदूक के बट से हमला किया गया, जिससे वे घायल हो गए। वहीं, दुकान के एक कर्मचारी के दाहिने हाथ में गोली लग गई। घायल कर्मचारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वारदात के दौरान बदमाशों ने बैग में सोने के आभूषण और नकदी भरी और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी कर दी। सिंगरौली की सीमा उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ से लगी होने के कारण दोनों राज्यों की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी सघन चेकिंग की जा रही है।
पुलिस टीम घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार डिजिटल साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर संदिग्धों की पहचान किए जाने का दावा किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीमें रवाना की गई हैं।
बताया गया कि वारदात के समय जयंत, नवानगर और विंध्यनगर थाना क्षेत्रों का पुलिस बल अन्य कार्रवाई में व्यस्त था, जिसके कारण घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने में कुछ विलंब हुआ। जिले में पहले हुई महाराष्ट्र बैंक डकैती और बरगवां में ज्वेलरी चोरी की घटनाओं की जांच के बीच ज्वेलर्स में हुई इस वारदात ने पुलिस के सामने एक और बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।







