Home / Chhattisgarh / सीनियर नेशनल किकबॉक्सिंग में कोरबा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, 2 स्वर्ण सहित जीते 8 पदक

सीनियर नेशनल किकबॉक्सिंग में कोरबा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, 2 स्वर्ण सहित जीते 8 पदक

कोरबा,17 सितंबर। इंदौर, मध्यप्रदेश में आयोजित पांच दिवसीय सीनियर नेशनल किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में कोरबा जिले के सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य सहित कुल 8 पदक जीतकर जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया। वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के मार्गदर्शन तथा मध्यप्रदेश किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में 8 से 12 सितंबर 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से 700 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के संस्थापक एवं प्रमुख प्रशिक्षक तारकेश मिश्रा तथा महासचिव आकाश गुरुदीवान ने बताया कि प्रतियोगिता में किकबॉक्सिंग की विभिन्न विधाओं पाइंट फाइटिंग, लाइट कॉन्टैक्ट, किक लाइट, फुल कॉन्टैक्ट, लो किक, के-1, म्यूजिकल फॉर्म्स और क्रिएटिव फॉर्म्स में मुकाबले हुए। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से 67 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने अलग-अलग वजन वर्गों में प्रतियोगिता में भाग लिया। टीम के साथ एसोसिएशन के महासचिव आकाश गुरुदीवान, ऑफिशियल मनीष बाग, प्रभात साहू, जुनैद आलम और मयंक डडसेना भी मौजूद रहे।

कोरबा जिले की सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी से आठ खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। महिला वर्ग में लोकिता चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओडिशा, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की खिलाड़ियों को पराजित किया और एक स्वर्ण तथा एक कांस्य पदक हासिल किया। श्रेया शुक्ला ने सिक्किम और पंजाब की प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ मुकाबला करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। हुफैजा फातिमा ने केरल की खिलाड़ी के साथ हुए मुकाबले में रजत पदक हासिल किया, जबकि प्रतिभा राय ने सिक्किम की खिलाड़ी के खिलाफ संघर्षपूर्ण मुकाबले में कांस्य पदक जीता।

पुरुष वर्ग में राष्ट्रीय खिलाड़ी अंकुश लाल यादव ने दिल्ली, ओडिशा, पंजाब और महाराष्ट्र के खिलाड़ियों को शिकस्त देते हुए रजत एवं कांस्य पदक हासिल किया। जगदीश यादव ने मेघालय और उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के खिलाफ मुकाबला करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं सुयश नामदेव का मुकाबला उत्तराखंड के खिलाड़ी से तथा संजय साहू का मुकाबला महाराष्ट्र के खिलाड़ी से हुआ। दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।

इस प्रकार कोरबा के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कुल आठ पदक हासिल किए। प्रतियोगिता का संचालन ग्लोबल स्पोर्ट्सडाटा मैनेजमेंट सिस्टम एवं आरस्पोर्ट्स सदस्यता प्रणाली के माध्यम से किया गया।

खिलाड़ियों और ऑफिशियल की इस उपलब्धि पर किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष छगनलाल मूंदड़ा, संस्थापक तारकेश मिश्रा, महासचिव आकाश गुरुदीवान, क्रीड़ा भारती के प्रांत मंत्री सुमित उपाध्याय, जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष नौशाद खान, सचिव सुरेश क्रिस्टोफर, जिला खेल अधिकारी दिनु पटेल, रामकृपाल साहू, क्रीड़ा भारती कोरबा के अध्यक्ष बलराम विश्वकर्मा, बाल गोविन्द जायसवाल, रविन्द्र दुबे, राघुनाथ नायक, सावित्री डडसेना, वेंकटेश दास मानिकपुरी, सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी की संचालिका प्रीती मिश्रा, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रेहाना फातिमा सहित खेल जगत से जुड़े लोगों, अभिभावकों और खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *