Home / Business / अगस्त में ऑटो सेक्टर की बल्ले-बल्ले! पैसेंजर व्हीकल सेल ने बनाया नया रिकॉर्ड

अगस्त में ऑटो सेक्टर की बल्ले-बल्ले! पैसेंजर व्हीकल सेल ने बनाया नया रिकॉर्ड

भारत के ऑटो सेक्टर के लिए अगस्त का महीना काफी शानदार रहा. कारों से लेकर दोपहिया और थ्री-व्हीलर तक तीनों बड़े सेगमेंट में जबरदस्त तेजी देखने को मिली. Society of Indian Automobile Manufacturers यानी SIAM के आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त 2026 में इन तीनों कैटेगरी ने अब तक का सबसे ज्यादा अगस्त डिस्पैच दर्ज किया.

इसमें सबसे ज्यादा चौंकाने वाली तेजा पैसेंजर व्हीकल यानी कारों में देखने को मिली. अगस्त में पैसेंजर व्हीकल डिस्पैच सालाना आधार पर 36.5 फीसदी बढ़कर 4,39,309 यूनिट पहुंच गया. पिछले साल अगस्त में यह आंकड़ा 3,21,901 यूनिट था. यानी एक साल में कारों के डिस्पैच में करीब एक तिहाई से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई.

दोपहिया वाहनों की भी बढ़ी रफ्तार
दोपहिया वाहनों की बात करें तो अगस्त में इनका डिस्पैच 10.5 फीसदी बढ़कर 20,34,698 यूनिट हो गया. पिछले साल इसी महीने में 18,41,954 दोपहिया वाहन डिस्पैच हुए थे. इस सेगमेंट में स्कूटर ने सबसे ज्यादा रफ्तार दिखाई. अगस्त में स्कूटर डिस्पैच 23.8 फीसदी बढ़कर 8,55,715 यूनिट हो गया. वहीं मोटरसाइकिल का डिस्पैच 2.4 फीसदी बढ़कर 11,33,047 यूनिट रहा. मोपेड में भी 4.7 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह आंकड़ा 45,936 यूनिट पर पहुंच गया.

थ्री-व्हीलर की मांग भी मजबूत
थ्री-व्हीलर सेगमेंट ने भी अगस्त में अच्छा प्रदर्शन किया. इसका डिस्पैच 22.8 फीसदी बढ़कर 93,764 यूनिट हो गया. इसमें पैसेंजर कैरियर की संख्या 22.4 फीसदी बढ़कर 78,680 यूनिट रही. वहीं गुड्स कैरियर में 34.9 फीसदी की जोरदार बढ़ोतरी हुई और यह 13,320 यूनिट पर पहुंच गया. हालांकि, ई-रिक्शा और ई-कार्ट के आंकड़े कुछ कमजोर रहे. ई-रिक्शा में 6 फीसदी और ई-कार्ट में 38.3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.

अगस्त में 31 लाख से ज्यादा गाड़ियां बनीं
SIAM के मुताबिक, अगस्त 2026 में पैसेंजर व्हीकल, थ्री-व्हीलर, टू-व्हीलर और क्वाड्रिसाइकिल मिलाकर कुल 31,57,822 वाहन बनाए गए. हालांकि, कुछ कंपनियों का प्रोडक्शन डेटा इसमें उपलब्ध नहीं था. इनमें BMW, Mercedes-Benz, Jaguar Land Rover, Tata Motors और Volvo Auto शामिल हैं. वहीं Tata Motors के घरेलू डिस्पैच को कुल पैसेंजर व्हीकल आंकड़े में शामिल किया गया है.

त्योहारों से और बढ़ सकती है मांग
SIAM के डायरेक्टर जनरल राजेश मेनन ने कहा कि ऑटो इंडस्ट्री फिलहाल मजबूत ग्रोथ के दौर में जा रही है. हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि अगस्त की ग्रोथ में पिछले साल के कम बेस का कुछ असर रहा है.

उनके मुताबिक, मजबूत कंज्यूमर कॉन्फिडेंस, ग्रामीण बाजारों में बनी मांग, फाइनेंस की बेहतर होती स्थिति और इलेक्ट्रिक जैसे नए पावरट्रेन को तेजी से अपनाने से ऑटो सेक्टर को सपोर्ट मिल रहा है. आने वाले त्योहारी सीजन में भी वाहनों की मांग को इससे बढ़ावा मिल सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *