रायगढ़, 15 सितम्बर। कला एवं संस्कृति की ऐतिहासिक नगरी रायगढ़ में आयोजित 41वें चक्रधर समारोह के भव्य उद्घाटन अवसर पर छालीवुड सुपरस्टार अनुज शर्मा और उनके छत्तीसगढ़ी लोक बैंड ‘आरुग बैंड’ ने शानदार संगीतमय प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। रामलीला मैदान में आयोजित समारोह में आरुग बैंड के कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों और पारंपरिक धुनों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा माहौल लोक रंग और संगीत से सराबोर हो गया।
चक्रधर समारोह के गरिमामय शुभारंभ अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रायगढ़ के राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह और लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया सहित बड़ी संख्या में कला प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे।
अनुज शर्मा की सशक्त और सुरीली आवाज तथा आरुग बैंड के कलाकारों की शानदार संगत ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। पारंपरिक परिधान में मंच पर पहुंचे अनुज शर्मा ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपरा और माटी की सौंधी खुशबू को जीवंत कर दिया। उनकी प्रस्तुति के दौरान रामलीला मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
आरुग बैंड की प्रस्तुति में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं और संगीत की विविधता की झलक देखने को मिली। लोकधुनों और पारंपरिक संगीत के साथ अनुज शर्मा की आवाज ने समारोह के मंच को खास बना दिया। दर्शकों ने भी पूरे उत्साह के साथ प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
सफल प्रस्तुति के बाद अनुज शर्मा ने कहा कि महाराजा चक्रधर सिंह की ऐतिहासिक कला नगरी रायगढ़ के प्रतिष्ठित मंच पर प्रस्तुति देना उनके और आरुग बैंड के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि चक्रधर समारोह केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की कला, संगीत और समृद्ध सांस्कृतिक पहचान का महापर्व है।
अनुज शर्मा ने कहा कि आरुग बैंड के माध्यम से उनका निरंतर प्रयास है कि छत्तीसगढ़ का लोकसंगीत अपनी जड़ों से मजबूती से जुड़ा रहे और देश-दुनिया के मंचों तक अपनी पहचान बनाए। उन्होंने कहा कि चक्रधर समारोह जैसे आयोजन प्रदेश की कला और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी माटी और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।
उन्होंने चक्रधर समारोह आयोजन समिति और रायगढ़ जिला प्रशासन का आयोजन और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए आभार व्यक्त किया।







