कानपुर : कारखाने में लगी भीषण आग, काबू पाने का प्रयास जारी

कानपुर, 27 अक्टूबर । जूही थाना क्षेत्र के ओ ब्लाॅक में स्थित एक कपड़ा कारखाने में बुधवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही कारखाने में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना पर अग्निशमन दल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहा है। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। जूही थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि ओ ब्लाॅक सब्जी मण्डी के समीप स्थित कपड़ा कारखाने में अचानक भीषण आग लग गई।

आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गयी। वहां मौजूद कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन दस्ते को खबर दी। आग की सूचना पर अग्नि शमन दल के लोग दो से अधिक दमकल गाड़ी लेकर पहुंचे हैं और आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट से निकली चिन्नगारी से आग लगी है। पुलिस कहना है कि आग बुझने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आग कैसे लगी है।