चाचा ने मामूली बात पर खोया आपा, 5 साल के भतीजे के ऊपर कुल्हाड़ी से हमला कर मार डाला, गिरफ्तार

चाचा ने मामूली बात पर खोया आपा, 5 साल के भतीजे के ऊपर कुल्हाड़ी से हमला कर मार डाला, गिरफ्तार

February 5, 2024 Off By NN Express

शहडोल। ब्यौहारी थाना क्षेत्र के बरकछ गावं में बीती रात मामूली बात पर एक चाचा इतना नाराज हुआ कि आपा खो बैठा और अपने 5 साल के भतीजे के ऊपर कुल्हाड़ी से हमला कर मार डाला। आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार बरकछ निवासी रामलाल कोल रात करीब 9.00 बजे पास में रहने वाले अपने बड़े भाई के घर आया और अपनी भाभी से तम्बाकू मांगा।

भाभी ने तम्बाकू नहीं होने की बात कहकर उसे लौटा दिया। इस बात से आरोपित इतना आग बबूला हुआ कि कुछ समय बाद फिर भाभी के घर आया और दरवाजा खटखटाने लगा, लेकिन भाभी ने दरवाजा नही खोला। जिस पर आरोपित ने पैर से धक्का देकर दरवाजा खोल लिया और अंदर चला गया। उस समय घर में आरोपित की भाभी और उसका 5 साल का भतीजा मौजूद थे।

भतीजे ने तोड़ा दम

आरोपित ने पहले से हाथ में कुल्हाड़ी रखे हुए था। उसी कुल्हाड़ी से अपनी भाभी के हाथ पर हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद आरोपित ने बिस्तर में सो रहे अपने 5 साल के भतीजे करन कोल के ऊपर कुल्हाड़ी से हमला किया और भाग गया। खून से लथपथ बेटे को देख मां ने चीखना चिल्लाना शुरू किया। आवाज सुनकर पड़ोस के लोग आ गए। इसके बाद बच्चे को अस्पताल ले जाया गया और जहां उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार

रात में सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित को हिरासत मे ले लिया। पता चला हैं कि आरोपित का बड़ा भाई काम के सिलसिले मे अक्सर बाहर ही रहता है। बीती रात भी वह घर पर नहीं था। इसी दौरान उसके छोटे भाई ने इस घटना को अंजाम दे दिया।