छत्तीसगढ़: अवैध निर्माण की शिकायत करने वाली का भी घर टूटा…

छत्तीसगढ़: अवैध निर्माण की शिकायत करने वाली का भी घर टूटा…

February 2, 2024 Off By NN Express

कांकेर। वो कहावत है न… जो दूसरों के लिए गड्ढा खोदता है, खुद भी उसी गड्ढे में गिरता है। बड़े-बुजुर्गों ने यह कहावत यूं ही नहीं बनाई है। दूसरों के लिए गड्ढा खोदने वाला भी उसी गड्ढे में गिरता है, और यह सच हुआ है शुक्रवार को। दरअसल आमापारा में जिला प्रशासन को अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी। जांच के बाद टीम ने अवैध निर्माण को तोड़ दिया। लेकिन मजे की बात यह है कि शिकायतकर्ता के घर पर भी बुलडोजर चल गया।

दरअसल, कांकेर पालिका क्षेत्र के आमापारा में स्थानीय निवासी दीपिका श्रीवास्तव ने महिला कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और पूर्व जिला अध्यक्ष नीरा साहू के खिलाफ शिकायत की, जिसमें दीपिका ने अवैध मकान बनाने की बात कही थी। शिकायत पर प्रशासनिक अमला कार्रवाई करने पहुंचा। जिसमें कांग्रेस नेत्री का घर तोड़ दिया गया। शिकायत के मुताबिक नेत्री शासकीय जमीन पर कब्जा कर पक्का मकान बना रही थी।

लेकिन इसके बाद शिकायतकर्ता दीपिका श्रीवास्तव के घर भी बुलडोजर चल गया। जब अमला कार्रवाई करने पहुंचा तो पता चला कि खुद शिकायतकर्ता का घर भी शासकीय जमीन पर अवैध रूप से बनाया गया है। जिसके बाद प्रशासन ने उनका घर भी तोड़ दिया।