छत्तीसगढ़ से अयोध्या तक चलेगी ‘आस्था स्पेशल ट्रेन’,1400 रुपए लगेगा शुल्क, दुर्ग से 7 फरवरी को पहली ट्रेन होगी रवाना, CM दिखाएंगे हरी झंडी

छत्तीसगढ़ से अयोध्या तक चलेगी ‘आस्था स्पेशल ट्रेन’,1400 रुपए लगेगा शुल्क, दुर्ग से 7 फरवरी को पहली ट्रेन होगी रवाना, CM दिखाएंगे हरी झंडी

January 22, 2024 Off By NN Express

केंद्र सरकार ने भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ शुरू की है। छत्तीसगढ़ में ‘आस्था स्पेशल ट्रेन’ भक्तों का पहला जत्था लेकर दुर्ग रेलवे स्टेशन से 7 फरवरी को रवाना होगी। जिसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हरी झंडी दिखाएंगे। दूसरे चरण के दर्शन यात्रा के लिए ट्रेन 29 फरवरी को रवाना होगी। इसलिए 1400 रुपए शुल्क लगेगा।

जानकारी के मुताबिक, प्रदेश संयोजक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने एक समिति का गठन किया है। यह समिति भक्तों के पंजीयन, व्यवस्था और उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाने की व्यवस्था का कार्य देखेगी। कौशिक ने संभाग के सभी जिला अध्यक्षों सहित 20 विधानसभा सीटों के महत्वपूर्ण नेताओं की बैठक लेकर इसकी कार्ययोजना तैयार की है।

प्रदेश संयोजक धरमलाल कौशिक ने संभागी बैठक में दी जानकारी।

प्रदेश संयोजक धरमलाल कौशिक ने संभागी बैठक में दी जानकारी।

धरमलाल कौशिक ने बताया कि रामलला दर्शन योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने आस्था ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन पूरे भारत से अयोध्या राम मंदिर के दर्शन के लिए चलेगी। केंद्र सरकार ने दर्शन योजना बनाई है, उसमें भाजपा द्वारा विशेष रूपरेखा तैयार की गई है।

जिसके तहत दर्शनार्थियों का पहला जत्था 7 फरवरी को सुबह दुर्ग रेलवे स्टेशन से आस्था स्पेशल ट्रेन के माध्यम से रवाना होगा। जिसे हरी झंडी दिखाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश शासन के अन्य मंत्री और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।

भक्तों को 1400 रुपए में मिलेगी सर्व सुविधा।

भक्तों को 1400 रुपए में मिलेगी सर्व सुविधा।

प्रति दर्शनार्थी लिया जाएगा 1400 रुपए का पंजीयन शुल्क

इस योजना में शामिल होने के लिए प्रति दर्शनार्थी 1400 रुपए का पंजीयन शुल्क देना होगा। इसके लिए जिला और मंडल स्तर पर अयोध्या राममंदिर दर्शन समिति का गठन किया जा चुका है। जिला समिति के समक्ष पंजीयन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 24 जनवरी रहेगी। इसके बाद यह सूची रेलवे को प्रेषित कर दी जाएगी।

रेलवे प्रत्येक यात्री को एक अलग यात्रा कार्ड जारी करेगा। केवल पंजीकृत दर्शनार्थी ही ट्रेन में सवार हो सकेंगे। यात्रा के दौरान खान-पान और अयोध्या पहुंचने के बाद यातायात, ठहरने और खाने पीने की व्यवस्था नि:शुल्क रहेगी। दूसरे चरण की दर्शन यात्रा 29 फरवरी को होगी।

पहले जत्थे में जाएंगे 1440 भक्त

राम मंदिर दर्शन समिति के प्रदेश संयोजक धरमलाल कौशिक ने बताया कि ट्रेन में अधिकतम 1440 लोगों का पंजीयन होगा। संभाग के तहत 8 जिलों की 20 विधानसभाओं से 1440 लोग इस जत्थे में शामिल होंगे। दुर्ग संभाग की प्रत्येक विधानसभा से 72 राम भक्त जाएंगे। ट्रेन का यात्रा प्रभारी अजय तिवारी को बनाया गया। इस ट्रेन में कुल 20 कोच रहेंगे, प्रत्येक कोच के लिए अलग-अलग कोच प्रभारी बनाए गए।