Christmas: क्रिसमस  सेलिब्रेशन, सांता की ड्रेस में दिखे बच्चे

Christmas: क्रिसमस सेलिब्रेशन, सांता की ड्रेस में दिखे बच्चे

December 24, 2023 Off By NN Express

बिलासपुर । मसीही समाज के लोग गा रहे कैरोल गीत, बाजार में जबरदस्त उमंग, गिफ्ट की मांग क्रिसमस सेलीब्रेशन को लेकर बिलासपुर में मसीहीजन तैयारी में जुट गए हैं। पर्व को अब एक दिन भी नहीं बचा है। ईसाई समुदाय के लोगों में जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। वहीं शनिवार को अधिकांश स्कूलों में छोटे बच्चे सांता क्लाज की ड्रेस में नजर आए। चाकलेट बांटकर क्रिसमस की बधाई देते नजर आए।

मसीहीजन अपने दोस्तों व रिश्तेदारों के घर जाकर कैरोल गीत गा रहे हैं। क्रिसमस को लेकर मिखाइल सूना कहते हैं कि क्रिसमस कैरोल से यीशु मसीह के जन्म की खुशी और प्रेम संदेश की लोगों तक आनंददायक भजन और गीतों से पहुंचाया जाता है। यह दिसंबर महीने के पहले सप्ताह से शुरू हो जाता है, जो क्रिसमस तक चलता है।

प्रदेशभर में क्रिसमस की तैयारियां शुरू हो गई है। इस क्रिसमस पर भी हम चर्च के लोगों के साथ कैरोल गीतों आया मसीह दुनिया में तू पापियों को बचाने को जैसे गीत गा रहे हैं। गीत के माध्यम से प्रेम का संदेश पहुंचा रहे हैं। लोगों की कुशलता के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। चर्च के अलावा चर्च से जुड़े लोगों के घर जाकर कैरोल के माध्यम से प्रभु के संदेश को पहुंचाते हैं। वहीं बाजार में भी जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।

न्यायधानी की प्रमुख दुकानों में क्रिसमस ट्री, झालर लाइट, कैप समेत अन्य सजावटी सामानों की बिक्री चरम पर है। मसीहा जन्म लेंगे और जश्न का दौर शुरू हो जाएगा। वहीं 25 दिसंबर को क्रिसमस का पर्व चर्च व घरों में मनाया जाएगा।

घरों में सजा क्रिसमस ट्री

इधर बाजार में जहां क्रिसमस ट्री के साथ स्टार और स्टीकर की मांग काफी है। वहीं चर्चों व घरों में क्रिसमस ट्री सज चुका है। क्रिश्चियन कम्युनिटी स्टार की लड़ी की खरीदारी के साथ स्टिकर को भी पसंद कर रहे हैं। स्टीकर में दाढ़ी लगाए हुए सेंटा क्लाज लोगों को खूब आकर्षित कर रहा हैं। घर की सजावट के लिए ढेरों सामान बाजार में इस समय मौजूद हैं।