बेटे को ठंडे पानी से नहलाने पर पति ने पत्नी को डांटा, पत्नी ने गुस्से में फांसी लगाकर जान दी

बेटे को ठंडे पानी से नहलाने पर पति ने पत्नी को डांटा, पत्नी ने गुस्से में फांसी लगाकर जान दी

December 23, 2023 Off By NN Express

इंदौर। एरोड्रम की विद्या पैलेस कालोनी 27 वर्षीय निशा जैन ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। तीन वर्षीय बेटे (बाबू ) को ठंडे पानी से नहलाने पर पति शुभम ने निशा को डांटा था। घर की आर्थिक स्थिति भी कमजोर थी। घटना शुक्रवार करीब चार बजे के आसपास की है। एसआइ श्यामलाल के मुताबिक ग्वालियर निवासी निशा की वर्ष 2019 में शुभम से शादी हुई थी। शुभम ने पुलिस को बताया कि दोपहर को बेटा घर के बाहर खेल रहा था। कुछ दिन पूर्व ही ड्रैनेज साफ हुई थी। उसकी गाद से बाबू का पैर गंदा हो गया था। निशा उसे पकड़ कर लाई तो शुभम ने कहा कि उसको नेहला दो। निशा ने पहले तो कहा बाद में नहला दूंगी, लेकिन शुभम ने जोर डालकर उसी समय नहलाने के लिए कहा।

घर में लगा गीजर भी खराब हो चुका था। निशा ने बच्चे को ठंडे पानी से नेहला दिया। शुभम ने नाराज होकर उसे डांट दिया। यह बात समाप्त हो गई और निशा ने घर का सामान (तेल) खत्म होने का जिक्र किया। शुभम ने सामान की सूची मांगी और लकवाग्रस्त पिता के रुम में जाकर सो गया। करीब चार बजे निशा ने फांसी लगा ली। शुभम के मुताबिक, दोपहर में मामूली बात हुई थी। लाकडाउन के पहले उसकी दुकान थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने पर उसे आटो रिक्शा चलाना पड़ा। वह रात में रिक्शा चलाकर घर खर्चा चलाता था। पुलिस के मुताबिक निशा के स्वजन के आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। नवविवाहिता की मौत की जांच एसीपी स्तर के अधिकारी करेंगे।