छत्तीसगढ़: भर्ती के बाद अटकी प्रक्रिया, नई सरकार के गठन के बाद असमंजस में अभ्यर्थी

छत्तीसगढ़: भर्ती के बाद अटकी प्रक्रिया, नई सरकार के गठन के बाद असमंजस में अभ्यर्थी

December 23, 2023 Off By NN Express

रायपुर,23 दिसम्बर   जिले के 27 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में 71 में से केवल 50 प्रतिशत पदों पर ही संविदा शिक्षकों की भर्ती होने के बाद प्रक्रिया के अटक जाने से अभ्यर्थी असमंजस में है। प्रदेश में नई सरकार बन जाने के बाद अभ्यर्थी इस बात को लेकर भी संशय में हैं कि स्वामी आत्मानंद स्कूल आगे संचालित होंगे भी या नहीं। कहीं भर्ती रद तो नहीं हो जाएगी?

इधर, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि भर्ती की प्रक्रिया पूरी हो गई है। प्रदेश में नई सरकार का गठन होने के कारण आगे की भर्ती प्रक्रिया रुकी हुई है। जैसे ही सरकार से निर्देश मिलेगा, प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। 71 पदों के लिए पांच हजार से ज्यादा आवेदन आए हैं। भर्ती के लिए चार अक्टूबर तक आवेदन मंगवाए गए थे। पहले आचार संहिता के कारण भर्ती प्रक्रिया को रोक दिया गया था। अब नई सरकार के गठन होने से रुक गया है। बता दें कि प्रदेश में 279 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय संचालित हो रहे हैं। इनमें अत्याधुनिक लैब, लाइब्रेरी की सुविधा के साथ-साथ इंटरनेट की सुविधा भी है।

पांच नए और 22 पुराने स्कूलों में भर्ती

जिले के पांच नए और 22 पुराने स्कूलों में व्याख्याता, प्रधान पाठक, शिक्षक, व्यायाम शिक्षक, सहायक शिक्षक, सहायक शिक्षक विज्ञान प्रयोगशाला और सहायक ग्रेड-3 के 71 पदों पर भर्ती की जा रही है।

अभ्यर्थी को एक पद के लिए करना था आवेदन

संविदा भर्ती के जरिये गणित, भौतिकी, वाणिज्य, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान विषय के लिए शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। अभ्यर्थी को एक पद के लिए आवेदन करना था। एक से अधिक पदों के लिए आवेदन करने पर आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा।

इस बार भर्ती प्रक्रिया में किया है बदलाव

जारी अधिसूचना के अनुसार इस बार संविदा शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। पिछले साल जब भर्ती निकली थी तब लिखित और साक्षात्कार के आधार पर उम्मीदवारों का चयन हुआ था। इस साल मई में आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में भर्ती निकाली है। इसमें चयन के लिए इंटरव्यू और शैक्षणिक रिकार्ड को आधार बनाया गया है। अभी निकली भर्ती में विभिन्न पदों पर चयन के लिए सिर्फ शैक्षणिक रिकार्ड को आधार बनाया गया है। विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए बीएड, डीएलएड व पात्रतानुसार टीईटी अनिवार्य है।

अंग्रेजी माध्यम कालेज में प्रोफेसरों की तलाश

स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की तर्ज पर इसी साल प्रदेश में 10 जिलों में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी कालेज खोला गया है। इन कालेजों के लिए लगभग 200 प्रोफेसरों की तलाश है जबकि कई जगहों पर पढ़ाई हो भी रही है जबकि प्रोफेसरों की भर्ती नहीं हो रही है। प्रदेश में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, कांकेर, महासमुंद, जगदलपुर, रायगढ़, अंबिकापुर और कोरबा में अंग्रेजी माध्यम कालेज खोला गया है।