छत्तीसगढ़:PM नरेन्द्र मोदी की गरिमामय उपस्थिति में विष्णु देव साय ने ली छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के पद एवं गोपनीयता की शपथ

छत्तीसगढ़:PM नरेन्द्र मोदी की गरिमामय उपस्थिति में विष्णु देव साय ने ली छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के पद एवं गोपनीयता की शपथ

December 13, 2023 Off By NN Express

राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने दिलाई शपथ
रायगढ़ के ऑडिटोरियम में किया गया लाईव प्रसारण, बड़ी संख्या में जुटे शहरवासी
जिले के विभिन्न ग्रामों में भी ग्रामवासियों ने टीवी के माध्यम से देखा नवनियुक्त मुख्यमंत्री श्री साय का शपथ ग्रहण समारोह  

रायगढ़, 13 दिसम्बर 2023 I प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामय उपस्थिति में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केन्द्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास अठावले, राज्यसभा सांसद जे.पी.नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा विशेष रूप से मौजूद थे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री द्वय अरूण साव, विजय शर्मा ने ईश्वर के नाम से पद एवं गोपनीयता की शपथ हिन्दी में ली।

राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने इस मौके पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री के रूप में अरूण साव एवं विजय शर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह एवं भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस.सिंहदेव, पूर्व सांसद ओम माथुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने किया।


कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के मार्गदर्शन में रायगढ़ के नगर निगम ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शपथ ग्रहण समारोह का लाईव प्रसारण किया गया। शपथ ग्रहण कार्यक्रम को देखने बड़ी संख्या में शहरवासी एकजुट हुए थे। इस मौके पर आयुक्त नगर निगम सुनील चंद्रवंशी, उपायुक्त तीक्षण यादव, श्रीमती शीला तिवारी, सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी तरह जिले के नगरीय निकाय, ग्राम पंचायतों सहित विभिन्न स्थानों में लोगों ने टीवी के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम को बड़ी उत्सुकता के साथ देखा।