करणी सेना के अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या

करणी सेना के अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या

December 5, 2023 Off By NN Express

जयपुर,05 दिसम्बर  राजस्थान की राजधानी जयपुर से राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि चार बदमाशों ने घर में घुसकर सुखदेव सिंह गोगामेड़ी और उनके गनमैन समेत एक अन्य को गोली मार दी। उसके बाद सुखदेव सिंह और उनके गनमैन को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की मौत हो गई, जबकि उनके गनमैन की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, फायरिंग और हत्या की इस घटना के बाद अब शहर भर के पुलिस अधिकारी आरोपियों की तलाश में जुट गए हैं। गोलीबारी की जगह पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।



पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि तीन लोग बाहर से यहां आए थे। सुखदेव से मिलने आए थे। सिक्योरिटी से अनुमति मिलने के बाद तीनों लोग अंदर गए। दस मिनट बातचीत की। उसके बाद सुखदेव पर फायर किए। उनके बगल में सिक्योरिटी गार्ड था, उसे भी गोली लगी है। वह आईसीयू में है। क्रॉस फायर में एक हमलावर की भी मौत हो गई है। उसका नाम नवीन सिंह शेखावत है। मूल रूप से शाहपुरा के पास का रहने वाला है। अभी जयपुर में रह रहा था।



सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए दो बदमाश
सुखदेव सिंह हत्या मामले में बड़ा अपडेट आया है। बताया जा रहा है कि चार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। हमले के बाद दो बदमाश बाइक से भागे और दो बदमाशों ने स्कूटी सवार को गोली मारकर स्कूटी छीनी थी। सुखदेव सिंह की SMS अस्पताल में इलाज दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। चारों बदमाशों में से दो सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।