बेगूसराय में अपराधियों ने फिर एक युवक को मारी गोली

बेगूसराय में अपराधियों ने फिर एक युवक को मारी गोली

October 16, 2022 Off By NN Express

बेगूसराय, 16 अक्टूबर । बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों का कहर लगातार जारी है। शनिवार की देर शाम बेखौफ अपराधियों में नगर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर में एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। देर शाम में सरेआम हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी से जिला मुख्यालय का सर्वोदय नगर दहल उठा है।

गोली से घायल युवक की पहचान सर्वोदय नगर निवासी अनिल कुमार सिंह के पुत्र केशव भारद्वाज के रूप में की गई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मूल रूप से शाम्हो निवासी केशव सर्वोदय नगर में गायत्री मंदिर के समीप अपने घर के आगे खड़ा था। उसी समय घात लगाए बाइक सवार दो अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिसमें दो गोली केशव को लगी है तथा गोली मारकर बदमाश हथियार लहराते हुए भाग निकले।

इसके बाद स्थानीय लोगों के प्रयास से परिजनों ने उसे कल्पना नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। फिलहाल पुलिस इस संबंध में कुछ नहीं कर रही हैं तथा घटना की जांच पड़ताल चल रही है। घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया गया है। जिस समय यह घटना घटी, उससे कुछ देर पहले ही विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने बेगूसराय के डीआईजी और एसपी से बात कर अपराध पर काबू पाने की बात कही तथा ऐसा नहीं होने पर जनांदोलन की बात किया गया था। लेकिन, विजय कुमार सिन्हा अभी जिला मुख्यालय से निकले भी नहीं थे कि अपराधियों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर प्रशासन को खुलेआम चैलेंज कर दिया है।