छत्तीसगढ़ में BJP को बहुमत से ज्यादा बढ़त मिलती देख रायपुर में सड़क पर लगाए जा रहे “मोदी-मोदी” के नारे

छत्तीसगढ़ में BJP को बहुमत से ज्यादा बढ़त मिलती देख रायपुर में सड़क पर लगाए जा रहे “मोदी-मोदी” के नारे

December 3, 2023 Off By NN Express

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा अब तक 3 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। पूर्व सीएम और भाजपा के राष्ट्र्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव से रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज की है। इसकी आधिकारिक घोषणा बाकी है। वहीं सरगुजा में भाजपा का खाता इस बार खुल गया है। लुंड्रा में प्रबोध मिंज ने 25 हजार और रायपुर के अभनपुर से इंद्र कुमार साहू ने 15 हजार वोटों से जीते हैं।

अभनपुर सीट से हारने के बाद विधायक और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने ईवीएम पर संदेह जताया है। उनके अलावा एक और विधायक की हार हुई है। डिप्टी सीएम सिंहदेव और 6 मंत्री पिछड़ गए हैं। फिलहाल मतों की गिनती अभी जारी है।

भाजपा बहुमत की ओर तेजी से बढ़ रही है। रुझानों में भाजपा 55 सीटों और कांग्रेस 32 सीटों पर आगे है। पार्टी में जश्न का माहौल है। उनका कहना है कि देश में एक ही गारंटी चलती है, मोदी की। वहीं कांग्रेस खेमे में मायूसी छाई हुई है। पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि अंधेरा छंट रहा है, कमल खिलने वाला है।

कांग्रेस से डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव 6400 वोटों से पीछे चल रहे हैं। इनके अलावा मंत्री ताम्रध्वज साहू, मोहम्मद अकबर, अमरजीत भगत, रवींद्र चौबे, जय सिंह अग्रवाल, रुद्र कुमार पीछे चल रहे हैं। शुरुआती रुझान कांग्रेस की ओर थे, लेकिन फिर स्थिति बदलने लगी। पहले राउंड के बाद भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर थी।