छत्तीसगढ़: मतदान ड्यूटी से गायब प्रधान पाठक, सहायक शिक्षक और सहायक ग्रेड-3 निलंबित

छत्तीसगढ़: मतदान ड्यूटी से गायब प्रधान पाठक, सहायक शिक्षक और सहायक ग्रेड-3 निलंबित

November 28, 2023 Off By NN Express

जशपुरनगर,28 नवंबर । विधानसभा चुनाव-2023 हेतु विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी एवं पत्थलगांव में 17 नवम्बर को मतदान दल में लगाई गई ड्यूटी में अनुपस्थित पाये गये 2 प्रधान पाठक, 02 सहायक शिक्षक और 02 सहायक ग्रेड-03 को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. रवि मित्तल ने तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। इन कर्मचारियों को मतदान दिवस 17 नवम्बर को अनुपस्थित होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं रिटर्निंग ऑफिसर के प्रतिवेदन अनुसार कारण बताओं नोटिस का जारी किया गया था।

जिका समाधानकारक जवाब नहीं देने पर निलंबित किया गया है। प्रधान पाठक, सहायक शिक्षक एवं सहायक ग्रेड-02 के उक्त कृत्य से परिलक्षित होता है कि इनके द्वारा अपने पदीय कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठापूर्वक नहीं किया गया है। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में अनधिकृत अनुपस्थित रहे। उक्त कृत्य उदासीनता एवं लापरवाही का घोतक है तथा छ.ग. सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के विपरीत है। जिस हेतु प्रधान पाठक, सहायक शिक्षक एवं सहायक ग्रेड-02 को सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत् तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

निलंबित किए गए कर्मचारियों में बगीचा विकासखण्ड के प्रधान पाठक अमल सिंह एवं मनोरा विकासखंड के प्रा.शा.धौरापाठ के प्रधान पाठक सेले खाखा की ड्यूटी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 14-पत्थलगांव में मतदान अधिकारी-01 के रूप में लगाई गई थी। निलंबन अवधि में अमल सिंह एवं सेले खाखा का मुख्यालय संबंधित विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में नियत किया गया है।

इसी प्रकार बगीचा विकासखंड के प्रा.शा. जाड़ाकोना के सहायक शिक्षक रामलखन बैगा की ड्यूटी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 14-पत्थलगांव में एवं मनोरा विकासखण्ड के शा.उ.मा.वि.खरसोता के सहायक शिक्षक बसंत कुमार सुरेन की ड्यूटी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 13-कुनकुरी में मतदान अधिकारी-03 रूप में लगाई गई थी। निलंबन अवधि में रामलखन बैगा एवं बसंत कुमार सुरेन का मुख्यालय संबंधित विकाखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में नियत किया गया है।

उप अभियंता कार्यालय, जल संसाधन उप संभाग कुनकुरी के सहायक ग्रेड-03 रामचरण लकड़ा एवं जनपद पंचायत कार्यालय कुनकुरी के सहायक ग्रेड-03 शंकर राम चौहान की ड्यूटी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 14-पत्थलगांव में मतदान अधिकारी-03 रूप में लगाई गई थी। निलंबन अवधि में रामचरण लकड़ा का मुख्यालय कार्यालय कार्यपालन अभियंता, जल संसाधन विभाग जशपुर एवं शंकर राम चौहान का मुख्यालय जिला पंचायत जशपुर नियत किया गया है। निलंबित कर्मचारियों को निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।