छत्तीसगढ़: टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग,लाखो का सामान हुआ जलकर खाक

छत्तीसगढ़: टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग,लाखो का सामान हुआ जलकर खाक

November 20, 2023 Off By NN Express

बिलासपुर,20 नवंबर । जिले के अपोलो अस्पताल के पीछे टेंट हाउस के गोदाम में रविवार तड़के आग लग गई। जब तक आसपास के लोगों को समझ आता तब तक आग पूरे गोदाम में फैल चुकी थी। आग लगने से गोदाम में रखे लगभग 15-20 लाख रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। बता दें कि लिंगियाडीह अपोलो अस्पताल के पास जनता टेंट हाउस का गोदाम है। गोदाम में लाखों का सामान रखा हुआ था। अचानक से लगे आग के कारण टेंट हाउस के गोदाम में लाखों का माल राख हो गया। टेंट हाउस के संचालक ने यहां पर एक प्लाट में प्लास्टिक तालपत्री से शेड बना रखा है।

इसे ही गोदाम की तरह उपयोग किया जाता है। गोदाम में टेंट हाउस के गद्दे, कुर्सियां, बांस, बल्ली, परदे और अन्य सामान रखे जाते है। रोज की तरह शनिवार की रात में टेंट हाउस के कर्मचारी यहां सामान रखकर अपने घर चले गए थे। गोदाम में केवल एक कर्मचारी था। रविवार की सुबह उसे धुंआ निकलते दिखा तो इसकी जानकारी उसने आसपास के लोगों को दी। इसके बाद शोरगुल हुआ तो कर्मचारियों ने उठकर भागकर अपनी जान बचाई। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी थाने को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल पहुंची और दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक गोदाम में रखा सामान जलकर राख हो गया था।