छत्तीसगढ़: छत्‍तीसगढ़ में उत्‍तरी हवाओं का असर, रात में बढ़ी ठंड

छत्तीसगढ़: छत्‍तीसगढ़ में उत्‍तरी हवाओं का असर, रात में बढ़ी ठंड

November 15, 2023 Off By NN Express

रायपुर । उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से अब रात में ठंड बढ़ने लगी है। विशेषकर ग्रामीण व आउटर क्षेत्रों में ठिठुरन का असर और ज्यादा है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मंगलवार को रायपुर सहित छत्‍तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में आंशिक बादल भी छाए रहे। इसके चलते न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी भी हुई है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा और उसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी। बढ़ती ठंड के चलते इन दिनों शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गर्म कपड़ों के स्टाल भी सज गए है और इन स्टालों में गर्म कपड़ों पर 20 फीसद तक छूट दी जा रही है। साथ ही कपड़े संस्थानों में भी गर्म कपड़ों का नया स्टाक आया हुआ है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे लगे अंडमान निकोबार द्वीप के पास स्थित है तथा इसके साथ ही हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किमी ऊंचाई तक है। इसके पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए और अधिक प्रबल होकर पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के उच्च अवदाब के बदलने की संभावना है। 17 नवंबर तक यह उत्तर- उत्तर पूर्व की ओर मुड़कर उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी-ओडिशा तट की ओर पहुंचेगा। इसके प्रभाव से बुधवार को मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में बदलाव नहीं होगा।