अच्छे दृश्य काटे जाने से नाराज हैं नयनतारा

अच्छे दृश्य काटे जाने से नाराज हैं नयनतारा

November 11, 2023 Off By NN Express

मुंबई। तमिल अभिनेत्री नयनतारा को दक्षिण भारत में ‘लेडी सुपरस्टार’ कहा जाता है। इसी साल उन्होंने फिल्म ‘जवान’ से शाहरुख खान के साथ बॉलीवुड में डेब्यू किया। हालांकि, रिलीज होने के बाद उनके प्रशंसक निराश हुए। उनका मानना है कि फिल्म में उनकी जगह दीपिका पादुकोण को ज्यादा तवज्जो दी गई। ऐसी खबरें थीं कि इससे नाखुश अभिनेत्री ने बॉलीवुड से किनारा कर लिया है। अब दक्षिण भारत के एक मशहूर निर्देशक ने इन खबरों को फिर से हवा दे दी।

खबर में एक बड़े निर्देशक के हवाले से कहा गया कि ‘जवान’ से नयनतारा निराश हैं। फिल्म में उनके शानदार दृश्यों को काट दिया गया।निर्देशक ने कहा, तमिल सिनेमा में दर्शक और कलाकार उनकी पूजा करते हैं। उन्हें तमिलनाडु की ‘लेडी सुपरस्टार’ कहा जाता है। ‘जवान’ में उनकी सीमित उपस्थिति से प्रशंसक काफी निराश थे। नयनतारा भी निराश थीं। उन्हें कुछ और ही भूमिका दी गई थी।

हालांकि, पोर्टल ने निर्देशक का नाम उजागर नहीं किया। निर्देशक ने आगे कहा कि यह शाहरुख-नयनतारा की फिल्म थी, लेकिन यह शाहरुख-दीपिका की फिल्म बन गई। दक्षिण भारत का कोई फिल्म निर्माता उनके साथ ऐसा करने की हिम्मत नहीं करता, खुद एटली भी नहीं।

नयनतारा के संजय लीला भंसाली की फिल्म में काम करने की भी चर्चा थी। पोर्टल के अनुसार, इसके लिए नयनतारा और भंसाली ने एक बार मुलाकात की थी। हालांकि, बात अभी इसके आगे नहीं बढ़ी है।

‘जवान’ रिलीज होने के बाद इस तरह की खबरों ने जोर पकड़ा था। ऐसे में उनके एक फैनक्लब ने दावा किया था कि नयनतारा उनके बारे में ऐसी खबरों से परेशान हैं।

इतना ही नहीं, फैनक्लब ने यह भी दावा किया था कि वह ऐसी खबरें फैलाने वाले सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ कार्रवाई करेंगी। उनके समर्थन में प्रशंसकों ने कहा था कि उनकी सफलता से जलने वाले लोग गलत खबर फैलाते हैं।