जगदलपुर-घाटधनोरा डकैती के फरार तीन आरोपित गिरफ्तार

जगदलपुर-घाटधनोरा डकैती के फरार तीन आरोपित गिरफ्तार

October 14, 2022 Off By NN Express

जगदलपुर, 14 अक्टूबर । बस्तर जिले में थाना बडांजी अन्तर्गत 04 एवं 05 जून 2022 के बीच रात ग्राम घाटधनोरा मेें हुए डकैती के फरार तीन आरोपितों, अर्जुन बिसाई, निवासी कोरापुट, दयाराम बाग निवासी नवरंगपुर, बालेश्वर हरिजन, जिला नवरंगपुर को बस्तर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिनसे पूछताछ करने पर घाट धनोरा में डकैती की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया है। जिस आधार पर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर थाना बडांजी में कार्यवाही के उपरांत शुक्रवार को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 04 एवं 05 जून 2022 की दरमियानी रात ग्राम घाटधनोरा में कुछ अज्ञात व्यक्तियों के द्वारा प्रार्थी बलदेव बघेल के घर में घुसकर 30 हजार रुपये एवं 02 नग मोबाईल को लूट कर डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। उक्त घटना के बाद प्रार्थी बलदेव बघेल के रिपोर्ट पर थाना बडांजी में डकैती का अपराध पंजीबद्ध कर अनुसंधान में लिया गया था। बस्तर पुलिस के द्वारा पूर्व में आरोपित लखमू कश्यप एवं अन्य कुल 13 आरोपितों को गिरफतार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था।

मामले में तत्समय गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ पर मामले में अर्जुन बिसाई, निवासी कोरापुट, दयाराम बाघ निवासी नवरंगपुर, बालेश्वर हरिजन जिला नवरंगपुर की संलिप्तता होना बताया गया था। जिस आधार पर तीनों फरार आरोपितों की पतासाजी की जा रही थी। पतासाजी के दौरान ज्ञात हुआ कि मामले के संदेही कोरापुट क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर थाना बडांजी पुलिस के द्वारा कोरापुट से घेराबंदी कर फरार आरोपितों अर्जुन बिसाई निवासी कोरापुट, दयाराम बाग निवासी नवरंगपुर, बालेश्वर हरिजन जिला नवरंगपुर को गिरफ्तार किया गया।

उल्लेखनीय है कि मामले के पूर्व में गिरफ्तार धनुर्जय बघेल ,निवासी सालेमेटा को पता चला था कि बलदेव बघेल के पास पुराना सिक्का बेचने से 15-18 करोड़ रुपये है जिसे वह अपने घर में दबा कर रखा है। उक्त बात धनुर्जय ने मामले के पूर्व मेें गिरफ्तार आरोपितों,दीगम कश्यप, लखमु कश्यप, रामेश्वर पाण्डेय, लेबोराम भारती, वासुदेव ठाकुर, राजेश बघेल, धनुर्जय बघेल, लख्खुराम कश्यप, सुखराम ठाकुर एवं उडीसा के अर्जुन बिसाई, दयाराम बाग, बालेश्वर हरिजन को बताया था।इन्होंने आपस में मिलकर बलदेव बघेल के घर में लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बनाई।

योजना के अनुरूप रात करीब 12 बजे ग्राम टाकरागुडा में इकठ्ठा हुए एवं बलदेव के घर में पहुॅचकर घर की घेराबंदी कर संदूक में रखे 30 हजार रुपये नगद और 02 मोबाईल को लेकर फरार हो गये। पूर्व में मामले के 13 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पूर्व में गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से 5,300 रुपये नगद, 04 पहिया वाहन 02 नग, मोटर सायकल 04 नग, एवं 08 मोबाईल बरामद जप्त किया गया था।