छत्‍तीसगढ़ में सर्द हवाओं से गिरेगा तापमान, सुबह कोहरे के आसार

छत्‍तीसगढ़ में सर्द हवाओं से गिरेगा तापमान, सुबह कोहरे के आसार

November 6, 2023 Off By NN Express

रायपुर,06 नवंबर   छत्‍तीसगढ़ में रविवार से उत्तर की ओर से ठंडी और शुष्क हवाओं का आगमन शुरू हो गया है। जिसके कारण प्रदेश में न्यूनतम तापमान में अगले दो दिनों में तीन से चार डिग्री तक गिरावट होने के आसार हैं। वहीं, अधिकतम तापमान में भी एक से दो डिग्री तक गिरावट संभावित है।

इसी बीच राजधानी सहित प्रदेश के लगभग सभी जिलों में मुख्य रूप से मौसम साफ रहेंगे यानी कि बारिश की कोई संभावना नहीं है। वहीं, बस्तर संभाग के छोड़ कर अन्य स्थानों पर मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसी बीच रविवार को राजधानी सहित प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा और किसी भी क्षेत्र में बारिश का कोई भी आंकड़ा दर्ज नहीं किया गया।

वहीं, प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस तिल्दा में, जबकि न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस कोरिया में दर्ज किया गया। इसके अलावा राजधानी सहित प्रदेशभर के कई स्थानों पर अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य छह डिग्री तक अधिक रहा।

उत्तरी छत्तीसगढ़ में दिन में कोहरे के आसार

रविवार से ही प्रदेश में उत्तर की ओर से सर्द हवाओं का आगमन शुरू हो गया है। इसकी वजह से उत्तरी छत्तीसगढ़ के ज्यादातर हिस्सों में सुबह के समय काेहरा छाए रहने के आसार हैं, जबकि दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अभी कोहरे की ज्यादा संभावनाएं नहीं दिखाई दे रही हैं। वहीं, मध्य छत्तीसगढ़ भी सर्द हवाओं की वजह से कोहरा व तापमान गिरने की संभावना है।

राजनांदगांव में छह डिग्री ज्यादा अधिकतम तापमान

उत्तर की जगह पूर्व की ओर से आ रही हवाओं की वजह से प्रदेश के विभिन्न स्थानों में अधिकतम तापमान औसत से एक से लेकर छह डिग्री तक ज्यादा चल रहा है। जिसमें राजनांदगांव में सामान्य औसत से सर्वाधिक छह डिग्री, पेंड्रा रोड में चार डिग्री, दुर्ग में दो डिग्री और बिलासपुर, अंबिकापुर व जगदलपुर में एक पारा सामान्य से एक डिग्री तक ज्यादा है।

न्यूनतम तापमान जगदलपुर में तीन डिग्री तक ज्यादा

मौसम विभाग के पिछले तीस वर्षों के औसत आंकड़ों के हिसाब से न्यूनतम तापमान भी तीन डिग्री तक अधिक चल रहा है। इसमें जगदलपुर में तीन डिग्री, जबकि राजनांदगांव व रायपुर में दो डिग्री और दुर्ग, अंबिकापुर व बिलासपुर में पारा औसत से एक डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया है।