KORBA: कोरबा अंचल में दीपावली का पर्व नजदीक आने के साथ ही शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात का बढ़ा दबाव

KORBA: कोरबा अंचल में दीपावली का पर्व नजदीक आने के साथ ही शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात का बढ़ा दबाव

November 5, 2023 Off By NN Express

कोरबा, 05 नवंबर / कोरबा अंचल में दीपावली का पर्व नजदीक आने के साथ ही शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव काफी बढ़ गया है। कुछ कारोबारियों के द्वारा ग्राहकों को लुभाने के लिए सड़क पर प्रदर्शनी या फिर दुकान लगाई जा रही हैं। जिसके कारण लोग सड़क पर ही वाहन खड़ी कर उन सामानो की खरीददारी कर रहे हैं। जिससे मार्ग संकरा हो रहा है। इस कारण अन्य लोग जाम में फंस रहे हैं।

यातायात पुलिस ने शहरी क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके। इसके लिए सड़क के किनारे पीली रंग की पट्टी बनाई हैं। दुकानदारों और वाहन चालकों को इस पट्टी के बाहर सामान व वाहनों की पार्किंग नहीं करने की हिदायद दी गई है, लेकिन यह हिदायद का असर लोगों पर नहीं हो रहा है। कुछ कारोबारी ग्राहकों को लुभाने के लिए सामानों की प्रदर्शनी और स्टैंड सड़क पर लगा रहे हैं। वहीं वाहन चालक भी लापरवाही बरत रहे हैं। दुकान में खरीदी करने के लिए गाड़ी को बीच सड़क पर यानी पीले रंग की पट्टी के बाहर खड़ी कर घंटों सामान खरीदी में व्यस्त रहते हैं।

पावर हाउस रोड, ओवरब्रिज के नीचे, पुराना बस स्टैंड, इतवारी बाजार, टी.पी. नगर, घंटाघर, सुभाष चौक, बुधवारी बाजार, कोसाबाड़ी सहित अन्य मुख्य मार्ग पहले से संकरे है। गाड़ियों की बेतरतीब पार्किंग और सामानों की प्रदर्शनी से सड़क और ज्यादा संकरा हो रहा है। चार पहिया वाहन निकालना भी मुश्किल हो रहा है। इससे रोजाना पावर हाउस रोड, घंटाघर और निहारिका क्षेत्र में जाम की निर्मित हो रही है। इन कारोबारियों और लापरवाह वाहन चालकों पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों की लापरवाही बढ़ती जा रही है।

सड़क पर बेतरतीब खड़े हो रहे वाहन

यातायात पुलिस ने घंटाघर से सुभाष चौक के मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था बेहतर करने के लिए स्मृति उद्यान के सामने स्थल को पार्किंग बनाया गया था, लेकिन वाहन चालक दुकान के सामने बीच सड़क पर दोपहिया, चार पहिया सहित अन्य गाड़ियों को खड़ी कर रहे हैं। इससे अन्य वाहन चालकों को असुविधा हो रही है।