उत्तर से ठंडी हवाएं आनी शुरू,अब आने वाले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 4°Cतक गिरेगा, इससे ठंड और ज्यादा बढ़ेगी-मौसम विभाग

उत्तर से ठंडी हवाएं आनी शुरू,अब आने वाले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 4°Cतक गिरेगा, इससे ठंड और ज्यादा बढ़ेगी-मौसम विभाग

November 5, 2023 Off By NN Express

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिर से बदलने वाला है और ठंड में बढ़ोतरी होने वाली है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर से ठंडी हवाएं आनी शुरू हो गई है, इसके चलते अब आने वाले चार दिनों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा, इससे ठंड और ज्यादा बढ़ेगी। हालांकि अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से अब ठंडकता और ज्यादा बढ़ेगी।

शनिवार को भी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। इसके चलते अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। रायपुर का अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहे। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि रविवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर भी शुरू होगा। शुक्रवार की भांति शनिवार को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई।

विभिन्न क्षेत्रों में लगे गर्म कपड़ों के स्टाल

इन दिनों मोतीबाग, टिकरापारा सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गर्म कपड़ों के स्टाल लगने शुरू हो गए है। इसके साथ ही कपड़े संस्थानों में भी गर्म कपड़ों का नया स्टाक आने लगा है। कारोबारियों द्वारा अभी गर्म कपड़ों पर 20 फीसद तक की छूट दी जा रही है। पिछले साल की तुलना में गर्म कपड़ों की कीमतों में कोई विशेष तेजी नहीं है।