RAIPUR : लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पूरे जोश के साथ काम करें अधिकारी

RAIPUR : लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पूरे जोश के साथ काम करें अधिकारी

October 13, 2022 Off By NN Express

रायपुर ,13 अक्टूबर । मुख्यमंत्री बघेल ने अधिकारियों को कहा कि लोगों को राज्य शासन की महत्याकांक्षी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पूरे जोश के साथ काम करें। भेंट-मुलाकात के दौरान सक्ती जिले के हसौद में मुख्यमंत्री बघेल ने समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों से यह बात कही। मुख्यमंत्री बघेल ने हसौद रेस्ट हाउस में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि सक्ति नया जिला बना है। लोगों में उत्साह है। जिले की स्थापना और प्रथम अधिकारी बनने का सौभाग्य आप लोगों को मिला है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पूरे जोश के साथ काम करके लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं। किसानों और ग्रामीणों की समस्या दूर करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाएं।

नामांकन, बटवारा, खतौनी से संबंधित समस्या को मौके पर ही दूर करें। भूमिहीन, ग्रामीण सभी मजदूरों को राजीव गांधी न्याय योजना का लाभ दिलाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दौरे में योजनाओं के प्रचार प्रसार की कमी मिली। मुनादी और व्यक्तिगत संपर्क कर जरूरतमंदों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि एक भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने त्रुटि होने की गुंजाइश को दूर करने के लिए अंग्रेजी भाषा में जाति प्रमाण पत्र जारी करने को कहा। उन्होंने कहा कि इसके लिए आदेश जारी किए जा चुके हैं।इससे मात्रात्मक त्रुटि वाली समस्या दूर होगी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अधिकारियों से कहा कि सेमरिया पुल निर्माण के लिए अधिग्रहित 32 किसानों की मुआवजा नहीं मिलने की जानकारी आई है,  प्रशासन प्राथमिकता से इनका निराकरण कर किसानों को राशि दिलाएं। मुख्यमंत्री ने छपोरा विद्युत उपकेंद्र की समस्याएं दूर करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अधिकारियों से कहा कि सभी गौठानों में गोबर की खरीदी हो। कोई भी पंजीकृत किसान और पशुपालक गौठान के लाभ से वंचित न हो। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि गौठान योजना के संचालन में जनभागीदारी जरूरी है, जो गौठान समितियां काम नहीं कर रही हैं, उन्हें भंग किया जाएगा, नई समितियां बनाएं और उसमें उत्साही लोगों को सदस्य बनाकर उन्हें मौका दें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहमति से बेहतर तरीके से गौठान संचालित हो सकते हैं।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बारिश थमने के बाद तेजी से सड़कों के मरम्मत काम शुरू हो गए हैं। सर्वाधिक खराब सड़क पहले सुधार किए जा रहे हैं।  उन्होंने दिसंबर तक सभी मरम्मत कार्य पूरे करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तेजी से काम करने की जरूरत है। दो किलोमीटर सड़क बनाने के लिए दो साल तक इंतजार नहीं किया जा सकता।