DHAMTARI : करवा चौथ को लेकर बाजार में रौनक, कलश, दीये व पूजन सामग्रियों की हो रही खरीदारी

DHAMTARI : करवा चौथ को लेकर बाजार में रौनक, कलश, दीये व पूजन सामग्रियों की हो रही खरीदारी

October 12, 2022 Off By NN Express

धमतरी, 12 अक्टूबर । सुहाग की सलामती को लेकर सुहागिन महिलाएं 13 अक्टूबर को करवा चौथ का व्रत रखेंगी। पर्व के चलते बाजार में रौनक है। मिट्टी के कलश, दीये, चलनी व अन्य पूजन सामग्री की बाजार में बिक्री हो रही है। पर्व को लेकर महिलाएं उत्साहित हैं।करवा चौथ पर्व में सुहागिन महिलाएं कार्तिकेय की पूजा अर्चना कर पति के हाथों जल ग्रहण कर उपवास का समापन करती हैं। करवा चौथ पर्व को मनाने शहर के साथ ही साथ ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी बहुत उत्सुक हैं। करवा चौथ को धूमधाम से मनाने महिलाएं तैयारी में जुट गई हैं। करवा चौथ के दिन विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए सारा दिन निर्जला उपवास रखती हैं।

रात्रि में चंद्र देवता की पूजा के बाद व्रत खोला जाता है। बीते कुछ सालों से शहर व गांव में करवा चौथ का व्रत बड़ी संख्या में महिलाएं रखने लगी हैं। त्योहार के पूर्व पूजन सामग्री कपड़े व अन्य आभूषण आभूषण सहित अन्य सामानों की खरीद बिक्री के लिए महिलाएं बाजार में पहुंच रही हैं। मंगलवार 11 अक्टूबर को शहर के मकई चौक के पास सड़क किनारे मिट्टी के कलश, दीये व पूजन सामग्री बेच रहे विक्रेताओं के पास महिलाएं खरीदी के लिए पहुंची।

मिट्टी के दीये कलश अन्य सामग्री बेचने वाले प्रभु राम कुंभकार, सोहन कुमार ने बताया कि करवा चौथ पर्व के लिए विशेष तरह के कलश बनाए गए हैं। आकर्षक रूप देने के लिए कलशों को अलग-अलग रंगों से रंगा गया है। कलश जोड़ी सौ रुपये जोड़ी के हिसाब से बेच रहे हैं। पर्व के दिन तक बाजार में अच्छी बिक्री होती है। इसी तरह चलनी का रेट 20 रुपये से लेकर सौ रुपये तक है। आकर्षक डिजाइन व सजावट के कारण का रेट भी अधिक है।