छत्तीसगढ़िया ओलंपिक : क्या बच्चा, क्या बुजुर्ग, युवा, महिला और पुरुष सहित सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी उत्साहपूर्वक ले रहे भाग

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक : क्या बच्चा, क्या बुजुर्ग, युवा, महिला और पुरुष सहित सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी उत्साहपूर्वक ले रहे भाग

October 10, 2022 Off By NN Express

5 वें दिन भी हुआ विविध खेलों का आयोजन

6 से 11 अक्टूबर तक राजीव गांधी युवा मितान क्लब स्तर पर हो रहे आयोजन

जोन स्तर पर 15 अक्टूबर में खेलों की होगी शुरुआत

 जांजगीर-चांपा 10 अक्टूबर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशानुसार कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक और स्थानीय खेलों को बढ़ावा देने जिले में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। 6 अक्टूबर से शुरू हुए छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में बच्चे, बुजुर्ग, युवा, महिला, पुरुष सहित सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी स्वस्फुर्त बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। जिसके तहत आज पांचवे दिन भी जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन किया गया। कलेक्टर के मार्गदर्शन में संबंधित अधिकारियों द्वारा खेल गाइडलाइन के अनुसार 6 से 11 अक्टूबर तक राजीव गांधी युवा मितान क्लब स्तर पर खेलों का आयोजन किया जा रहा है और इसके बाद युवा मितान क्लब स्तर के विजेता प्रतिभागियों को 15 अक्टूबर से जोन स्तर पर (8 क्लब को मिलाकर एक जोन होगा) खेलों का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के तहत विभिन्न स्थानीय और पारंपरिक खेलों के आयोजन के माध्यम से गांव से शहरों तक, बच्चों से बुजुर्ग तक सभी वर्गों में एक नए उत्साह का संचार हो रहा है और अब नई पीढ़ी भी स्थानीय खेलों के प्रति जागरूक हो रही हैं।


जिला खेल अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में राजीव गांधी युवा मितान क्लब के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर 6 अक्टूबर 2022 को पिट्टूल, गिल्ली डंडा, लंगड़ी दौड़, 7 अक्टूबर को संखली, बाटी (कंचा), बिल्लस, 8 अक्टूबर को खो-खो, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, 9 अक्टूबर को कबड्डी, 100 मीटर दौड़ और 10 अक्टूबर को रस्साकसी, भंवरा, लंबी कूद खेलों का आयोजन विभिन्न जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराया गया और जोन स्तर के प्रभारी अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी को 11 अक्टूबर को विजेता खिलाड़ियों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसी प्रकार जोन स्तर (8 क्लब को मिलाकर एक जोन होगा) पर 15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक खेलों का आयोजन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा 06 अक्टूबर को प्रदेश स्तर पर छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक की शुरूआत की गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर छत्त्तीसगढ़ की संस्कृति से लोगों को जोड़कर रखने व स्थानीय खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए ‘‘छत्तीसगढ़िया ओलंपिक‘‘ का आयोजन 06 अक्टूबर 2022 से 06 जनवरी 2023 तक किया जा रहा है।

इसके अंतर्गत दलीय एवं एकल श्रेणी में 14 प्रकार के पारम्परिक खेलों को शामिल किया गया है, जिसमें 18 वर्ष से कम, 18 से 40 वर्ष एवं 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोग शामिल हो रहे हैं। इस खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल जैसे-गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बाटी (कंचा), बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़, लम्बी कूद इत्यादि में सभी वर्ग के प्रतिभागी उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता गांव से लेकर राज्य स्तर तक 06 स्तरों पर होगी। जिसकी शुरूआत राजीव युवा मितान क्लब स्तर से हुई है, इसके बाद जोन स्तर पर फिर विकासखण्ड, नगरीय क्लस्टर स्तर, जिला, संभाग और अंतिम में राज्य स्तर पर खेल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।