Korea News : गांव-शहर सभी जगह छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक की धूम

Korea News : गांव-शहर सभी जगह छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक की धूम

October 10, 2022 Off By NN Express

कोरिया 10 अक्टूबर , छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा लोगों को पारंपरिक खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक का आयोजन किया जा रहा है। जिले में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में ग्रामीण तथा नगरीय क्षेत्रों में पहले चरण राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर 6 अक्टूबर से आयोजित छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में बच्चे से लेकर बुजुर्ग बढ़चढ़ कर पारम्परिक खेलों में हिस्सा ले रहे हैं, पहले स्तर का आयोजन 11 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसके बाद जोन स्तर, फिर विकासखंड, नगरीय क्लस्टर स्तर, जिला, संभाग और अंतिम में राज्य स्तर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।


जिला खेल अधिकारी ने बताया कि आयोजन के पांचवे दिन आज सभी ग्रामों तथा नगरीय क्षेत्र में खेल प्रतियोगिताएं हुईं, इन खेलों में महिला तथा पुरुष दोनों वर्गों में बड़ी संख्या में उत्साहित होकर प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने बताया की आज मुख्य रूप से रस्साकशी, लंगड़ी तथा बिल्लस का आयोजन किया गया। दलीय तथा एकल श्रेणी में आयोजित प्रतियोगिताओं में दलीय श्रेणी में गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी और बांटी (कंचा) जैसी खेल विधाओं के साथ हो साथ एकल श्रेणी की बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़, लम्बी कूद का भी रोमांच लोगों के बीच बना रहा। छत्तीसगढ़ी संस्कृति को पुर्नजीवित करते हुए इन खेलों का आयोजन 6 जनवरी 2023 तक किया जाएगा।