डेंगू नियंत्रित करने तत्काल फील्ड पर उतरें अधिकारी-कर्मचारी – कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा

डेंगू नियंत्रित करने तत्काल फील्ड पर उतरें अधिकारी-कर्मचारी – कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा

September 20, 2023 Off By NN Express

रायगढ़, 20 सितम्बर 2023/ डेंगू के बढ़ते मामलों के नियंत्रण को लेकर कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने आज सभी विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों का स्वास्थ्य सर्वोपरि है। इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। कलेक्टर श्री सिन्हा ने डेंगू नियंत्रण के कार्य के लिए दिए निर्देशों का गंभीरता से पालन नहीं करने को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रायगढ़ पर कड़ी नाराजगी जताई और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा कि डेंगू महामारी से निपटने के लिए सभी मोर्चों पर युद्धस्तर पर कार्य होना चाहिए। सभी की जिम्मेदारियां अहम और सभी को साझा रूप से प्रयास करने होंगे। जिससे शहर में स्थिति बेहतर हो।
         

कलेक्टर श्री सिन्हा ने साफ -सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए आयुक्त नगर निगम को पूरे शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक प्रभावित क्षेत्रों के घर-घर में टीम द्वारा जांच करवाने और दवा का छिड़काव करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि डेंगू के मामले नियंत्रित करने के लिए लार्वा का सोर्स रिडक्शन करना सबसे महत्वपूर्ण है। मितानिनों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा डोर टू डोर सर्वे करने के निर्देश दिए हैं और अधिकारियों को वार्डों में सर्वे की मॉनिटरिंग करने के लिए कहा। इसके साथ ही उन्होंने चालानी कार्यवाही के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने नगर निगम के सफाई प्रभारी को बैठक में बुलाकर अतिरिक्त कर्मचारी लगाते हुए सभी प्रभावित इलाकों में कचरे का उठाव और नालियों की सफाई तुरंत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिन्हा ने डेंगू मरीजों के संबंध में उपचार को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग और सिविल सर्जन को निर्देश दिए एवं दवाइयों के पर्याप्त इंतजाम रखने के लिए कहा।
         

बैठक में कलेक्टर श्री सिन्हा ने जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नवीन तहसील भवनों के साथ स्कूल भवनों की मरम्मत का काम तेजी से करने के लिए कहा। आश्रम छात्रावासों के माहवार निरीक्षण के बारे में जानकारी ली। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत जितेन्दर यादव, अपर कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, अपर कलेक्टर राजीव पांडेय, आयुक्त नगर निगम सुनील चंद्रवंशी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


धान खरीदी की तैयारियों को लेकर की समीक्षा


कलेक्टर श्री सिन्हा ने धान खरीदी की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने किसान पंजीयन के बारे में जानकारी ली, साथ ही खरीदी केंद्रों में जरूरी इंतजामों को लेकर भी समीक्षा की। उन्होंने इसकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही सभी एसडीएम को उनके क्षेत्र में खरीदी केंद्रों में व्यवस्था का जायजा लेने के लिए निर्देशित किया।