झांसी में युवक की कूचकर हत्या, दो घायल

झांसी में युवक की कूचकर हत्या, दो घायल

October 8, 2022 Off By NN Express

झांसी, 08 अक्टूबर । प्रेमनगर थानाक्षेत्र के झांसी-ललितपुर राजमार्ग स्थित डगरवाहा में शनिवार की सुबह रक्त रंजित अवस्था में एक युवक का शव मिला। दो लोग गंभीर रूप से घायल पड़े मिले। सूचना पर प्रेमनगर और बबीना थाना की पुलिस पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य एकत्रित किए। फिलहाल हत्या का कारण और घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस छानबीन कर रही है। बबीना थाना क्षेत्र के ग्राम सफा निवासी मनोज अहिरवार पुत्र रामप्रसाद, दुर्गापुर निवासी साहब सिंह तथा प्रेमनगर क्षेत्र निवासी एक युवक डगरवाहा में बन रही लोहे की फैक्ट्री की देखभाल करते हैं। आज सुबह मनोज फैक्ट्री के पास मृत अवस्था में मिला। उसके चेहरे पर कई चोटों के निशान थे। वहीं, साहब सिंह और उसका एक साथी घायल अवस्था में मिले हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।

घटना कैसे और क्यों हुई, इसकी पुलिस जानकारी जुटा रही है। घटना स्थल बबीना और प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बीच का होने के चलते लम्बे समय तक सीमा पर विवाद होता रहा। बाद में तय हुआ कि घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र की है। इसको लेकर चार घंटे तक ओहापोह की स्थिति बनी रही। इसके बाद अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। फिलहाल मृतक की हत्या पत्थर से कुचल कर होना बताया जा रहा है तो वहीं पास में खून से सना हथौड़ा भी मिला है। पुलिस के मुताबिक, पता चला है कि देर रात घटना स्थल पर यह लोग आपस में खाने-पीने की पार्टी कर रहे थे। उसी दौरान हुए झगड़े में यह घटना हुई है। पुलिस इस बात की जानकारी कर रही है कि जब यह तीनों आपस में पार्टी कर रहे थे फिर वह लोग कौन थे जिन्होंने घटना को अंजाम दिया और क्यों दिया ?

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश एस मौके पर पहुंचकर घटना स्थल की जांच की। उन्होंने बताया कि प्राथमिक घटना के दौरान अन्य लोग भी मौजूद थे। उनका पता लगाया जा रहा है। प्राथमिक जांच में जमीन के विवाद का मामला प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम में मृतक की मौत का स्पष्ट कारण सामने आएगा।