Bilaspur News :स्वामी आत्मानंद स्कूल के बच्चों ने लोगों को मतदान हेतु प्रेरित करने के लिए बनाई मानव श्रृंखला

Bilaspur News :स्वामी आत्मानंद स्कूल के बच्चों ने लोगों को मतदान हेतु प्रेरित करने के लिए बनाई मानव श्रृंखला

August 20, 2023 Off By NN Express

बिलासपुर,20 अगस्त । आगामी विधानसभा निर्वाचन के अंतर्गत 1 अक्टूबर 2023 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी बालक बालिकाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने एवं शत प्रतिशत मतदान हेतु मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्टर संजीव झा के निर्देशानुसार डीईओ डीके कौशिक के मार्गदर्शन में जिले में संचालित 18 अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के साथ-साथ सभी 31 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में मानव श्रृंखला एवं मानव आकृति का निर्माण कराया गया।



स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय समूह के जिला प्रभारी श्री रामेश्वर जायसवाल ने बताया कि आज एवम् कल सभी मतदान केंद्रों में 1 अक्टूबर 2023 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले छात्र छात्राओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाने हेतु जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय के प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है।

प्राचार्यों के द्वारा 18 वर्ष पूर्ण करने वाले सभी बच्चों के नाम चिन्हित कर 2 दिनों में 100% मतदाता सूची में नाम जोड़ने का कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लोगों को मतदान हेतु प्रेरित करने के लिए आज सभी स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में मानव श्रृंखला एवं मानव आकृति का निर्माण कराया गया। घुट्कु, पचपेड़ी सहित कई विद्यालयों में मतदाता जागरूकता रैली भी निकाली गईं।