CG BREAKING : सुकमा में हुई पुलिस-नक्सली मुठभेड़, दोनों तरफ से जमकर हुई गोलीबारी

CG BREAKING : सुकमा में हुई पुलिस-नक्सली मुठभेड़, दोनों तरफ से जमकर हुई गोलीबारी

July 29, 2023 Off By NN Express

सुकमा,29 जुलाई I छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि, सर्चिंग पर निकले जवानों पर नक्सलियों ने हमला किया है। हालांकि, जवानों ने भी मोर्चा संभाला और नक्सलियों की गोलियों का मुंहतोड़ जवाब दिया है। गोलीबारी में किसी तरह की हताहत की खबर अब तक नहीं है। नक्सलियों के शहीदी सप्ताह के दूसरे दिन यानी आज जवानों को नक्सलियों के कोर इलाके में सर्चिंग के लिए निकाला गया था। मामला चिंतागुफा थाना क्षेत्र का है।

दरअसल, सुकमा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छोटेकेड़वाल के जंगल में हार्डकोर नक्सली राजू एवं मासा मौजूद हैं। मुखबिर की इसी सूचना के आधर पर जवानों की एक टीम को मौके के लिए निकाला गया था। वहीं शनिवार की सुबह जैसे ही जवान इलाके में पहुंचे यहां पहले से ही घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग खोल दी। इसी बीच फोर्स ने भी मोर्चा संभाला और नक्सलियों की गोलियों का मुंहतोड़ जवाब दिया।

दोनों तरफ से करीब 1 घंटे तक गोलीबारी हुई। बताया जा रहा है कि, जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगल की आड़ लेकर भाग निकले हैं। वहीं जवान अब भी मौके पर ही मौजूद हैं। इलाके की सर्चिंग की जा रही है। पुलिस अफसरों का कहना है कि, जवान जब लौटेंगे तो इसके बाद ही सारी जानकारी दी जा सकेगी।

जानिए कौन है नक्सली राजू और मासा?

नक्सली राजू वर्तमान में नक्सलियों का DVCM (डिविजनल कमेटी मेंबर) है। इसके साथ ही नक्सली मासा किस्टाराम एरिया कमेटी के प्लाटून नंबर 8 का इंचार्ज। इन दोनों नक्सलियों पर लाखों रुपए का इनाम भी घोषित है। इनके साथ करीब 30 से 35 हथियारबंद नक्सलियों की मौजूदगी हमेशा रहती है। ऐसा बताया जाता है कि, यदि ये दोनों नक्सली सरेंडर कर दें या फिर मुठभेड़ के दौरान ये दोनों नक्सली मारे जाते हैं तो इलाका थोड़ा शांत होगा।