उफ्फ यह बेबसी! मां के आंचल से नवजात को उठाकर ले गई बिल्ली; छत पर ले जाकर छोड़ा- इसके बाद जो हुआ…

उफ्फ यह बेबसी! मां के आंचल से नवजात को उठाकर ले गई बिल्ली; छत पर ले जाकर छोड़ा- इसके बाद जो हुआ…

July 24, 2023 Off By NN Express

बदायूं I बेहद दर्दनाक…! जिस बेटे को आसमा 15 दिन से सीने से लगाए थीं, रविवार रात उसे जंगली बिल्ली उठा ले गई। वह सो रही थीं मगर, बेटे पर आए खतरे की आहट में आंख खुल गई। शोर करते हुए वह बिल्ली के पीछे भागीं, छत तक दौड़ीं।

घेराबंदी से घबराई बिल्ली ने उनके नवजात को छोड़ दिया मगर…जान नहीं बच सकी। वह छत के किनारे पड़ा था, करवट लेते ही नीचे गिर गया…चंद मिनट में उसकी सांसें थम गईं। सोमवार को बेसुध आसमा अपने नवजात को याद करती रहीं।

गौतरा पट्टी भौनी गांव में रहनी वाली आसमा का निकाह तीन वर्ष पहले दिल्ली निवासी हसन से हुआ था। डेढ़ वर्ष पहले हसन यहीं आकर बस गए। हसन ने बताया कि 15 दिन पहले आसमा ने जुड़वा बच्चों- बेटी अलशिफा और रिहान को जन्म दिया। जब से बच्चे पैदा हुए, घर में रोज जंगली बिल्ली आती थी। परिवार के लोगों ने उसे देख लिया था इसलिए निगाह रखते थे। जब भी वह आती, भगा देते।

रात दो बजे कमरे में आ गई जंगली बिल्‍ली

रविवार रात को आसमा अपने कमरे में दोनों बच्चों को लिए लेटी थी। रात दो बजे जंगल बिल्ली खिड़की के रास्ते कमरे में घुस आई। उसने रिहान को मुंह में दबाया और बाहर की ओर भागी। उसी समय आसमा की आंख खुल गई। बिल्ली को देखकर उन्होंने शोर कर दिया। रिहान को छुड़ाने के लिए हम दोनों शोर करते हुए छत की ओर भागे।

घबराई बिल्ली ने रिहान को छत पर ले जाकर छोड़ दिया। हम दोनों चंद कदम ही पीछे थे। अचानक छत से कुछ गिरने की आवाज आई। आसमा बोलीं…दिल बैठ गया था। अनहोनी की आशंका घिर गई थी। जैसे ही छत पर पहुंची, देखा कि रिहान नीचे पड़ा है।

सीढ़ियां चढ़ते हुए देखा था कि बिल्ली रिहान को छत पर छोड़कर भाग गई है। जब तक शेष पांच-छह सीढ़ियां चढ़कर छत पर पहुंची, रिहान छत से लुढ़ककर नीचे गिर गया। हसन ने बताया कि घटना के बाद से आसमा सहमे में है। वह रिहान को याद कर बिलख रही। गांव में कई जगह जंगली इलाका है। वहां से आई बिल्ली अक्सर घरों में घुस जाती है.