Accident Breaking: तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर,  चौकीदार समेत तीन की मौत

Accident Breaking: तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, चौकीदार समेत तीन की मौत

July 16, 2023 Off By NN Express

मेलानगरी I. पडरौना कोतवाली के बंधू छपरा गांव से सटे एस्सार पेट्रोल पंप के सामने शनिवार रात साढ़े आठ बजे तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में ठोकर मार दी। बाइक सवार चौकीदार समेत तीन की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सभी एक ही गांव के रहने वाले थे।

इसकी सूचना मिलते ही गांव का माहौल गमगीन हो गया। दुर्घटना बाद पिकअप चालक फरार हो गया। बाइक सवार तीनाें हेलमेट नहीं पहने थे।

कोतवाली के ही गांव बंधू छपरा के 50 वर्षीय झगरू, 35 वर्षीय संतोष व 50 वर्षीय साबिर उर्फ भोला एक ही बाइक से पडरौना से घर जा रहे थे। रात साढ़े आठ बजे तीनों गांव से सटे पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे कि पीछे से आई पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।

तीनों सवार सड़क किनारे जा गिरे। मौके पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना बाद गांव के लोग शोर मचाते हुए मौके पर पहुंचे। तीनों का शव देख सभी हैरान रह गए। लोगों ने दुर्घटना की जानकारी पुलिस व मृतकों के स्वजन को दी। कुछ ही समय में पुलिस आ गई, आवश्यक कार्रवाई पूरी की।

इधर मृत्यु की खबर मिलते ही तीन परिवारों में कोहराम मच गया। स्वजन रोने-चिल्लाने लगे। कोतवाल राजप्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर लिया जाएगा। पिकअप की पहचान के लिए सीसी कैमरे की मदद ली जा रही। शीघ्र ही वाहन की पहचान कर चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

चौकीदार थे झगरू

मरने वालों में शामिल झगरू चौकीदार थे। रोज की तरह पडरौना कोतवाली में ड्यूटी कर शाम पांच बजे घर चले गए थे। फिर आवश्यक कार्य से परिचितों संग पडरौना आए थे। लौटते समय तीनों दुर्घटना के शिकार हो गए।